मुजफ्फरनगर में BJP महासचिव अरुण सिंह का तीखा वार, राहुल-अखिलेश पर लगाए ''झूठ की फैक्ट्री'' चलाने के आरोप

punjabkesari.in Friday, Aug 15, 2025 - 09:52 PM (IST)

Muzaffarnagar News: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने गुरुवार को मुजफ्फरनगर में विपक्षी दलों पर जोरदार हमला बोला। पार्टी कार्यालय पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया, जिसके बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए कांग्रेस और समाजवादी पार्टी को कटघरे में खड़ा किया।

विपक्ष पर तीखा प्रहार: “झूठ बोलने की फैक्ट्री चला रहे राहुल और अखिलेश”
अरुण सिंह ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव को ‘झूठ की फैक्ट्री’ का संचालक करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी की सरकार के दौरान गुंडों और माफियाओं को संरक्षण दिया गया और थानों से छुड़वाया गया। वहीं, उन्होंने योगी आदित्यनाथ सरकार की कानून व्यवस्था की सराहना करते हुए कहा कि अब अपराधियों पर त्वरित और कठोर कार्रवाई हो रही है।

विभाजन विभीषिका दिवस: इतिहास की काली रात को न भूलें
अरुण सिंह ने भारत विभाजन की भयावहता को याद करते हुए बताया कि 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका दिवस के रूप में मनाने की घोषणा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने की थी। उन्होंने बताया कि 1947 में हुए विभाजन में करीब डेढ़ करोड़ लोग विस्थापित, 10 लाख से अधिक की हत्या और हजारों महिलाओं के साथ बलात्कार व अत्याचार हुए। उन्होंने कहा कि आज देशभर में इस पीड़ा की याद में प्रदर्शनियां लगाई जा रही हैं और विस्थापित परिवारों को सम्मानित किया जा रहा है।

“CAA ने पीड़ितों को दिया न्याय”
BJP महासचिव ने कहा कि पाकिस्तान और बांग्लादेश में हिंदू आबादी में भारी गिरावट आई है। उन्होंने इसके पीछे धर्मांतरण, पलायन और हत्याओं को जिम्मेदार बताया। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने CAA (नागरिकता संशोधन कानून) के जरिए पीड़ितों को भारत की नागरिकता देकर राहत दी, जबकि कांग्रेस ने दशकों तक इस मुद्दे पर चुप्पी साधी।

युवाओं से अपील: “देश के इतिहास और बलिदान को जानो”
अरुण सिंह ने युवाओं से आह्वान किया कि वे विभाजन के दर्द को समझें और देश की एकता, अखंडता और संविधान के प्रति सजग रहें। उन्होंने विपक्ष द्वारा संसद में किए गए हंगामे को 'लोकतंत्र का अपमान' बताया।

स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं
उन्होंने देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश लगातार प्रगति के पथ पर अग्रसर है। उन्होंने युवाओं से जनसंख्या नियंत्रण और एकता को लेकर सजग रहने का आह्वान भी किया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Mamta Yadav

Related News

static