भाजपा ने देश को बर्बादी के कगार पर पहुंचा दिया, अपने स्वार्थ के लिए मणिपुर जैसी घटना होने दीः शिवपाल यादव
punjabkesari.in Monday, Jul 31, 2023 - 11:17 AM (IST)

जौनपुर: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल यादव ने आरोप लगाते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकारों ने जनता का भरोसा तोड़ा है। देश में महंगाई चरम पर है और बेरोजगारी बढ़ती जा रही है। किसानों की आय नहीं बढ़ी। लूट, हत्या, दुष्कर्म एवं भ्रष्टाचार चरम सीमा पर है। अब जनता भाजपा सरकार से निजात पाना चाहती है।
देश को बर्बादी के कगार पर पहुंचा दिया
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल यादव ने रविवार को जौनपुर के एक होटल में प्रेस वार्ता के दौरान कहा कि भाजपा को दस साल जनता ने मौका दिया, लेकिन भाजपा ने बीते नौ साल में देश को बर्बादी के कगार पर पहुंचा दिया है। भाजपा सरकार ने अपने स्वार्थ के लिए मणिपुर जैसी घटना होने दी। हालात यह है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी लोकसभा का सामना नहीं कर पा रहे हैं। भाजपा के कार्यकाल में महंगाई चरम पर है। डीजल, पेट्रोल, गैस सिलेण्डर, सरसों का तेल, खाने-पीने की चीजें सब महंगी हैं। भाजपा सरकार गरीब और मध्यम वर्ग की जेब काटकर मुनाफा अपने उद्योगपति मित्रों की तिजोरियों में भरवा रही है।
इंडिया गठबंधन से घबराए हुए हैं भाजपा वाले
एक सवाल के जवाब में शिवपाल ने कहा कि इंडिया गठबंधन में बहुत से अनुभवी नेता हैं। सभी ने अपने-अपने राज्यों में अच्छे और बड़े विकास कार्य किये हैं। गठबंधन के लिए पीएम पद कोई मुद्दा नहीं है। हमारे पास कई चेहरे हैं, कई पसंद हैं, जबकि भाजपा के पास तो सिर्फ एक चेहरा है। भाजपा के लोग इंडिया गठबंधन से घबराए हुए हैं। भाजपा वाले इंडिया गठबंधन का मुकाबला नहीं कर सकते हैं।