उपचुनाव में भाजपा की हार पर बोले संजय सिंहः घोसी में BJP की करारी हार 2024 का आगाज
punjabkesari.in Saturday, Sep 09, 2023 - 11:18 AM (IST)

लखनऊः विधानसभा के उपचुनावों में भाजपा की करारी हार पर आम आदमी पार्टी के दिग्गज नेता संजय सिंह ने बड़ा हमला बोला है। संजय सिंह ने कहा है कि घोसी में भाजपा की करारी हार 2024 का आगाज है। घोसी में जीत को गठबंधन की जीत बताते हुए आम आदमी पार्टी(आप) के सांसद संजय सिंह ने कहा कि लोकसभा चुनाव परिणाम से पहले यह एक बड़ा संकेत है। अडानी के समर्थक चुनाव हार गए हैं जबकि इंडिया चुनाव जीत चुका है।
लोगों का भाजपा से मोहभंग हो गया
उन्होंने कहा कि न केवल घोसी में बल्कि पश्चिम बंगाल में भी तृणमूल कांग्रेस ने उस सीट पर जीत हासिल की जो भाजपा की सीट थी। घोसी में भाजपा ने सारी ताकत लगा दी थी फिर भी चुनाव नहीं जीत सकी। मतलब साफ है कि अब लोगों का भाजपा से मोहभंग हो गया है।
सपा प्रत्याशी सुधाकर सिंह ने भाजपा के दारा सिंह चौहान को 42,672 वोटों से हराया
गौरतलब है कि मऊ जिले की घोसी विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में सपा ने बड़ी जीत दर्ज की है। सपा प्रत्याशी सुधाकर सिंह ने भाजपा के दारा सिंह चौहान को 42,672 वोटों से हराया है। एकतरफा मुकाबले में सपा प्रत्याशी सुधाकर सिंह ने 1,24,427 मत पाकर भाजपा के दारा सिंह चौहान को 42,759 मतों से हराया। दारा सिंह चौहान को 81,668 मत मिले। तीसरे नंबर पर पीस पार्टी के सनाउल्लाह को 2,570 मत मिले। रिकॉर्ड जीत दर्ज करने वाले सपा के सुधाकर तीसरी बार विधायक बने हैं। जन अधिकार पार्टी के अफरोज आलम को 2100, निर्दलीय विनय कुमार को 1406, प्रवेंद्र प्रताप सिंह को 1223, उम्मीदवार रमेश पांडेय को 839, जनता क्रांति पार्टी (राष्ट्रवादी) के मुन्निलाल चौहान को 606, जन राज्य पार्टी के सुनील चौहान को 541 और आम जनता पार्टी (सोसलिस्ट) के राजकुमार चौहान को 466 वोट मिले।