भाजपा का यूपी मिशन 80 कठिन नहीं, पिछली बार 50 प्रतिशत से ज्यादा मिले थे वोट

punjabkesari.in Sunday, Sep 24, 2023 - 04:05 PM (IST)

लखनऊ: साल 2019 के लोकसभा चुनाव में विपक्ष के एक साथ लामबंद होने के बावजूद उत्तर प्रदेश में भाजपा को 50 फीसदी से ज्यादा वोट प्राप्त हुए थे। विपक्ष के इंडिया गठबंधन के मद्देनजर भाजपा अपने उत्तर प्रदेश संगठन को इसी मूलमंत्र के साथ उत्साहित करने में जुटी है। संगठन का लक्ष्य इस बार राज्य की सभी 80 लोकसभा सीट जीतने का है। ऐसे में बीते लोकसभा चुनाव में भाजपा को जिन लोकसभा सीटों पर सफलता नहीं मिल सकी, उन पर विशेष कार्ययोजना तैयार करते हुए काम करने का सुझाव दिया गया है। कहा गया है कि बूथ स्तर पर माइक्रो मैनेजमेंट और टीमवर्क से लक्ष्य की प्राप्ति संभव है। खासकर लोकसभा चुनाव 2019 में हासिल न हो सकी 14 लोकसभा सीटों पर इस बार जीत के लिए भाजपा बूथ पर प्रबंधन और सामाजिक समीकरण से चुनावी रणनीति बनाएगी। इन सीटों में मैनपुरी और रायबरेली ही ऐसी सीट हैं जहां भाजपा को अब तक एक बार भी जीत नहीं मिली है।

PunjabKesari

मिशन 80 का लक्ष्य पूरा करने की कार्ययोजना तैयार
लखनऊ पार्टी मुख्यालय में शुक्रवार को संपन्न हुई भाजपा की लोकसभा प्रवास योजना बैठक में इन्हीं बिन्दुओं, पर चर्चा की गई और मिशन 80 का लक्ष्य पूरा करने की कार्ययोजना तैयार की गई। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी की अध्यक्षता और राष्ट्रीय महामंत्री सुनील बंसल व प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह की मौजूदगी में आयोजित बैठक में मैनपुरी, श्रावस्ती, लालगंज, अम्बेडकरनगर और रायबरेली संसदीय क्षेत्रों की समीक्षा भी की गई।

PunjabKesari

भाजपा 80 सीटें जीतने का लक्ष्य पूरा करेगीः  भूपेन्द्र सिंह चौधरी
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने कहा कि 2019 के लोकसभा चुनाव में विपक्ष के एक साथ लामबंद होने के बावजूद उप्र. में भाजपा को 50 फीसदी से ज्यादा वोट मिले थे। 2024 के लोस चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकारों के कार्य, कार्यकर्ताओं का परिश्रम, सबका साथ-सबका विकास-सबका विश्वास की नीति से भाजपा 80 सीटें जीतने का लक्ष्य पूरा करेगी। प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने बैठक में बताया कि 24 सितम्बर को मन की बात और 25 सितम्बर को पं. दीनदयाल उपाध्याय जयन्ती के- कार्यक्रम बूथ स्तर पर होंगे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ajay kumar

Related News

static