लोकसभा चुनाव में भाजपा का होगा सूपड़ा साफ : राजपाल कश्यप

punjabkesari.in Sunday, Jul 01, 2018 - 11:27 AM (IST)

इटावाः समाजवादी पार्टी ने आगामी लोकसभा चुनाव में केन्द्र में सत्तारूढ  बीजेपी का सूपडा साफ होने का दावा किया है। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के नियम पुनरीक्षण समिति के सभापति व समाजवादी पार्टी के विधान पार्षद राजपाल कश्यप ने रविवार को पत्रकारों से कहा कि लोकसभा चुनाव में प्रदेश में भाजपा का खाता भी नहीं खुलेगा। अब जनता जान चुकी है इसलिए वह भाजपा के झूठ का साथ नहीं बल्कि सच्चाई का साथ देगी क्योंकि केंद्र में भाजपा सरकार बनने से देश 25 साल पीछे चला गया है।  

उन्होंने कहा कि भाजपा शासित केन्द्र और राज्य सरकारों ने झूठ के अलावा कोई भी काम नहीं किया है। सपा सरकार में जो काम हुए थे। सिर्फ उन्हीं का उदघाटन राज्य की योगी सरकार कर रही है। जनता के हित में सपा सरकार ने जो योजनाएं चलाई थीं, उन्हें भी बंद कर दिया है। प्रदेश में सपा की सरकार नहीं है फिर भी मेधावियों को पार्टी की ओर से लैपटॉप दिए जा रहे हैं और भाजपा सरकार अपने वादे के बाद भी लैपटॉप नहीं बांट पाई है।   

कश्यप ने कहा कि मोदी सरकार ने प्रतिवर्ष दो करोड़ युवाओं को नौकरी देने का जो वादा किया था। उसमें सरकार पूरी तरह से फेल साबित हुई है। आज हालत यह है कि बीटेक व एमटेक किए हुए युवा चार पांच हजार रुपए की नौकरी करने को मजबूर हो रहे हैं। सपा नेता ने कहा कि नोटबंदी से सबसे ज्यादा भ्रष्टाचार बढ़ा है। भाजपा नेता जिन कोपरेटिव बैंकों के सभापति थे, उन्हीं बैंकों में सबसे अधिक नोट जमा हुए हैं। एक तरफ जहां जनता परेशान है। वहीं भाजपा के कार्यालय फाइव स्टार बनाए जा रहे हैं। अब तो हालत यह हो गई है कि भाजपा के मंत्री व सांसद भी भ्रष्टाचार अधिक बढऩे की बात कर रहे हैं।  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Ruby

Recommended News

Related News

static