हवा में मिली प्लेन को बम से उड़ाने की धमकी, Indigo Flight की बेंगलुरु में इमरजेंसी लैंडिंग
punjabkesari.in Wednesday, Aug 26, 2026 - 01:44 PM (IST)
Lucknow News: लखनऊ से बेंगलुरु जा रही इंडिगो की फ्लाइट (6E231) में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब विमान हवा में ही था और उसे बम से उड़ाने की धमकी मिली। जानकारी मिलते ही पायलट और क्रू मेंबर्स ने तुरंत सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन किया और सुबह करीब 9:40 बजे बेंगलुरु एयरपोर्ट पर विमान की सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई।
मिली जानकारी के मुताबिक, बेंगलुरु एयरपोर्ट पर लैंडिंग के तुरंत बाद सुरक्षा एजेंसियों और एयरपोर्ट अथॉरिटी को अलर्ट किया गया। प्लेन को आइसोलेशन बे में ले जाकर खाली कराया गया, जहां सुरक्षा दल और बम निरोधक दस्ता गहन जांच में जुट गए। मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) के तहत यात्रियों के सामान, सीटों और कॉकपिट समेत पूरे प्लेन की तलाशी ली जा रही है।
सूत्रों की मानें तो यह धमकी शुरुआती तौर पर फर्जी नजर आ रही है। हालांकि, उड़ानों की सुरक्षा से जुड़ा मामला होने के कारण एजेंसियां कोई ढिलाई नहीं बरत रही हैं। खबर लिखे जाने तक सर्च ऑपरेशन जारी था। जांच पूरी होने के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि यह धमकी कहां से और किसने भेजी थी। इस घटना के चलते एयरपोर्ट पर सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है।

