बॉलीवुड अभिनेत्री दिशा पाटनी के घर फायरिंग करने वाले दोनों शूटर एनकाउंटर में ढेर, रोहित गोदारा गैंग से था कनेक्शन!
punjabkesari.in Wednesday, Sep 17, 2025 - 11:41 PM (IST)

गाजियाबाद/बरेली: बॉलीवुड अभिनेत्री दिशा पाटनी के बरेली स्थित घर पर फायरिंग करने वाले दोनों कुख्यात शूटर बुधवार शाम गाजियाबाद में पुलिस एनकाउंटर में मारे गए। नोएडा एसटीएफ, दिल्ली क्राइम इंटेलिजेंस यूनिट, हरियाणा एसटीएफ और गाजियाबाद पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में यह मुठभेड़ ट्रॉनिका सिटी क्षेत्र में हुई।
मारे गए बदमाशों की पहचान
पुलिस ने मारे गए बदमाशों की पहचान रविंद्र (रोहतक) और अरुण (सोनीपत) के रूप में की है। दोनों बदमाश कुख्यात गैंगस्टर रोहित गोदारा और गोल्डी बराड़ गैंग से जुड़े थे। इन पर ₹1 लाख का इनाम घोषित था।
मुठभेड़ का पूरा घटनाक्रम
STF के अनुसार, बुधवार शाम करीब 7:22 बजे चेकिंग के दौरान दो संदिग्ध बाइक सवार भागने लगे। पीछा करने पर उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसमें चार पुलिसकर्मी घायल हुए और पुलिस जीप पर भी गोलियां लगीं। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। करीब 15 मिनट तक दोनों ओर से 25-30 राउंड फायरिंग हुई। गोली लगने से रविंद्र और अरुण घायल हो गए। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बरामदगी और सबूत
मौके से ग्लॉक और जिगाना पिस्टल, भारी मात्रा में कारतूस और एक सफेद अपाचे बाइक बरामद हुई है। पुलिस को शक है कि इसी बाइक से बरेली फायरिंग को अंजाम दिया गया था। बदमाश CCTV फुटेज में भी कैद हुए थे।
दिशा पाटनी के घर फायरिंग का मामला
घटना 12 सितंबर, तड़के 3:30 बजे की है, जब दिशा पाटनी के घर पर बाइक सवार दो बदमाशों ने दो राउंड फायरिंग की और फरार हो गए। घर में उस समय दिशा की बहन खुशबू पाटनी, पिता रिटायर्ड DSP जगदीश पाटनी और मां पद्मा पाटनी मौजूद थीं। दिशा पाटनी उस समय मुंबई में थीं। फायरिंग के बाद रोहित गोदारा गैंग ने फेसबुक पोस्ट में जिम्मेदारी ली और कथावाचक अनिरुद्धाचार्य महाराज पर की गई टिप्पणी को वजह बताया।
क्यों नाराज था गैंग?
दरअसल, दिशा पाटनी की बहन खुशबू पाटनी ने 30 जुलाई को कथावाचक अनिरुद्धाचार्य के लिव-इन रिलेशनशिप पर दिए बयान का विरोध करते हुए कहा था, "ऐसे लोगों का मैं मुंह तोड़ दूंगी। अगर सामने होते तो दिखा देती कि मुंह मारना क्या होता है।" उन्होंने यह भी कहा कि "इसे राष्ट्रविरोधी कहने में मुझे कोई हिचक नहीं है।"
गैंग कनेक्शन और आपराधिक रिकॉर्ड
ADG लॉ एंड ऑर्डर अमिताभ यश ने बताया कि रविंद्र पर हरियाणा के अलग-अलग थानों में 5 केस दर्ज हैं। वह 20 दिसंबर 2024 को फतेहाबाद में पुलिस स्कॉर्ट पर हमला कर अपराधी रवि जागसी को भगाने की कोशिश में शामिल था। अरुण के केसों की जांच की जा रही है।
ऑपरेशन में शामिल पुलिस अधिकारी
इस ऑपरेशन में दिल्ली स्पेशल सेल के ACP धर्मेंद्र सिंह, STF सोनीपत प्रभारी योगेंद्र, यूपी SOG इंस्पेक्टर अक्षय त्यागी, STF नोएडा एडिशनल SP राजकुमार मिश्रा, और गाजियाबाद पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।