Bulandshahr News: हथियार तस्करी के आरोपी रिजवान अंसारी पर NSA की कार्रवाई, जेल से छूटने पर की थी हर्ष फायरिंग

punjabkesari.in Saturday, Feb 08, 2025 - 09:02 PM (IST)

Bulandshahr News, (वरुण शर्मा): उत्तर प्रदेश के जनपद बुलंदशहर में कुख्यात बदमाश रिजवान अंसारी के जेल से बाहर आने के रास्ते पर बुलंदशहर की जिलाधिकारी श्रुति शर्मा ने बैरिकेडिंग लगा दी है। जमानत का प्रयास कर रहे हथियार सप्लायर रिजवान अंसारी के खिलाफ बुलंदशहर पुलिस प्रशासन ने एनएसए की कार्रवाई की है। एसएसपी बुलंदशहर श्लोक कुमार की संस्तुति पर डीएम श्रुति शर्मा ने यह कार्रवाई की है। अब रिजवान अंसारी के जेल से बाहर आने के मंसूबों पर पानी फिर गया है।
 PunjabKesari
जेल से छूटने की खुशी में साथियों के साथ मनाया था जश्न
बता दें कि रिजवान पर दिल्ली और बुलंदशहर में आधा दर्जन से अधिक मुकदमें दर्ज हैं। पिछले दिनों हथियार तस्कर रिजवान का जेल से छूटने पर खुर्जा में ज़ोरदार आतिशबाजी के साथ स्वागत किया गया था। पंजाबी सिंगर सिद्धू मुसेवाला हत्याकांड में हथियारों की सप्लाई रिजवान अंसारी के गुर्गों ने ही की थी। थाना खुर्जा नगर क्षेत्र निवासी एक हथियार तस्कर रिजवान अंसारी पुत्र जरीफ पेन्टर निवासी मौहल्ला शेख साहिबान छोटा हकीम कस्बा व थाना खुर्जा नगर जनपद बुलन्दशहर दिल्ली में अवैध हथियारों की तस्करी में जेल में निरुद्ध था। 26 दिसम्बर 2024 को जमानत पर रिहा हुआ था। जिसके बाद रिजवान द्वारा अपने साथियों के साथ जेल से छूटने की खुशी पर मोहल्ले में जश्न मनाया था। जश्न मनाने के दौरान अवैध शस्त्रों से हवाई फायरिंग करते हुए ढोल बजवाकर पटाखे दागे गये थे। जिससे आसपास क्षेत्र में भय का माहौल पैदा हो गया था इस सम्बन्ध में थाना खुर्जा नगर पर मुकदमा किया गया था।
PunjabKesari
न्यायालय से जमानत के लिए कर रहा था प्रयास
अभियुक्त रिजवान अंसारी व उसके पुत्र को 2 अवैध पिस्टल मय 6 जिन्दा कारतूस व 7 अवैध तमंचे व एक गाडी सहित गिरफ्तार किया गया था। दोनों अभियोग में रिजवान अंसारी वर्तमान में जिला कारागार बुलन्दशहर में निरुद्ध हैं, जो जेल से बाहर आने के लिए न्यायालय से जमानत के लिए प्रयास कर रहा था। इसलिए थाना खुर्जा नगर पुलिस द्वारा रिजवान अंसारी के विरूद्ध एनएसए की कार्यवाही करते हुए जिला कारागार में एनएसए तामील कराया गया। एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया कि आरोपी रिजवान अंसारी बेहद खतरनाक है। यह अवैध हथियारों की सप्लाई करता है। इसके खिलाफ एनएसए की कार्रवाई की गई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Mamta Yadav

Related News

static