देवरिया: सदर सीट पर उपचुनाव में बसपा को छोड़ अन्य दलों ने नहीं खोले पत्ते

punjabkesari.in Thursday, Oct 08, 2020 - 02:17 PM (IST)

देवरिया: उत्तर प्रदेश में देवरिया की सदर सीट पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक जन्मेजय सिंह के निधन के बाद हो रहे उपचुनाव में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) को छोड़कर अभी बाकी दलों ने अपने पत्ते नहीं खोले हैं।   

बसपा ने देवरिया सदर सीट पर अभय नाथ त्रिपाठी को अपना प्रत्याशी घोषित किया है। पिछले चुनाव में भी बसपा ने अभय नाथ त्रिपाठी को ही अपना उम्मीदवार बनाया था, लेकिन उन्हें यहां से पराजय का मुंह देखना पड़ा था। इस बार फिर पार्टी ने श्री त्रिपाठी पर अपना दाव लगाकर ब्राह्मण वोटों को रिझाने का प्रयास किया है।   

गौरतलब है कि बसपा उम्मीदवार राजनीति में आने से पूर्व देवरिया जिले में लेखपाल थे और नौकरी से इस्तीफा देकर राजनीति के क्षेत्र में अपना भाग्य आजमा रहे हैं। यहां हो रहे उपचुनाव में कांग्रेस, सपा और भाजपा ने अभी अपने उम्मीदवारों के नामों की घोषणा नहीं की है। भाजपा में यहां से उम्मीदवारी के लिये भारी भीड़ देखने को मिल रही है। यहां के उपचुनाव में अपनी जीत सुनिश्चित करने के लिये भाजपा का मंथन का दौर जारी है।  

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह देवरिया सदर विधानसभा के उपचुनाव में लगे पार्टी के जिम्मेदार कार्यकर्त्ताओं की दस अक्टूबर को बर्चुअल बैठक को सम्बोधित कर चुनाव में फतह हासिल करने के लिये राय सुपारी करेंगे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Ajay kumar

Recommended News

Related News

static