''प्रभु के खजाने को बेरहमी से लूटा, बंटवारे की लड़ाई खोल देगी सारे राज''- अखिलेश यादव का अब तक का सबसे बड़ा हमला

punjabkesari.in Saturday, Jul 04, 2026 - 02:50 PM (IST)

Lucknow News: समाजवादी पार्टी (SP) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) नेतृत्व पर परोक्ष रुप से तीखा हमला बोलते हुए कहा कि राम मंदिर चढ़ावे का सच सामने आकर रहेगा और असली पापी अपने कर्मों की सजा से नहीं बच पाएंगे। यादव ने शनिवार को एक्स पर लिखा कि आखिरकार सुरंगजीवियों को बाहर आना ही पड़ा क्योंकि अब बुराई का पानी सुरंग में गले तक भर गया है। उन्होंने सवालिया लहजे में कहा कि 140 करोड़ देशवासी और दुनिया भर के चंदा-दान देने वाले सनातनी यह जानना चाहते हैं कि हर काम में आगे रहने वाले, इस घोर-गंभीर मसले पर खुद सामने क्यों नहीं आए, अपने से पीछे वाले को आगे क्यों कर दिया। क्या इसमें भी ये सोचकर साजिश की गई है कि महापाप के दोष और जनाक्रोश से खुद को बचा लो और दूसरे को फंसाकर उससे सफाई दिलवा दो।

ये भी पढ़ें:- बिना परमिशन BJP नेता का रोड शो, पानी में डूबा अंडरपास और छूट गई 400+ अभ्यर्थियों की UP TET परीक्षा... जानें बदायूं का पूरा सच

सपा मुखिया ने कहा कि जो षड्यंत्रजीवी रहे हैं अब तो वो आपस में भी एक-दूसरे की मुखबिरी कर रहे हैं। बंटवारे की लड़ाई सारे राज खोल देगी। यादव ने कहा कि जो शातिर सेंध लगाकर, बोरी भरकर सुरंग के रास्ते बहुत दूर निकल गए हैं, वो असली पापी याद रखें जहां भूमिगत मार्ग खत्म होगा, उस अगले छोर पर सत्य उनके पापों की सजा देने के लिए प्रतीक्षा कर रहा है। इन्हें ना अयोध्या क्षमा करेगा, ना देश, ना वो परम प्रभु, जिसके खजाने को इन्होंने बेरहमी, बेदर्दी और बेशर्मी से लूटा है। यह बयान ऐसे समय आया है जब श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र से जुड़े कुछ मुद्दे सार्वजनिक चर्चा का विषय बने हुए हैं। भाजपा या संबंधित पक्ष की ओर से इन आरोपों पर तुरंत कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static