वेतन पर्ची पर हस्ताक्षर करने के बहाने बुलाया फिर किया दुष्कर्म, महिला सफाईकर्मी का ग्राम प्रधान पर गंभीर आरोप
punjabkesari.in Wednesday, May 20, 2026 - 04:11 PM (IST)
शाहजहांपुर: जिले में एक ग्राम प्रधान ने कथित तौर पर एक महिला सफाई कर्मचारी को बंधक बना कर उसके साथ बलात्कार किया। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) देवेन्द्र कुमार ने बताया कि यह घटना 18 मई को हुई।
महिला सफाई कर्मचारी अपनी वेतन पर्ची पर हस्ताक्षर कराने के लिए ग्राम प्रधान के घर गई थी। महिला (40) को उसके पति की मृत्यु के बाद अनुकंपा के आधार पर सफाई कर्मचारी के रूप में नियुक्त किया गया था। पुलिस के अनुसार महिला ने आरोप लगाया कि ग्राम प्रधान ने वेतन पर्ची पर हस्ताक्षर करने के बहाने 18 मई को अपने घर बुलाया था। महिला ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि आरोपी ने उसके घर पहुंचने के बाद दरवाजा बंद कर दिया, उसके हाथ बांध दिए और उसके साथ बलात्कार किया।
उसने आरोप लगाया कि बाद में आरोपी ने जातिवादी टिप्पणियों का इस्तेमाल करते हुए उसके साथ दुर्व्यवहार किया और घटना के बारे में किसी को बताने पर परिणाम भुगतने की धमकी दी। कुमार ने कहा, पुलिस ने मंगलवार रात भारतीय न्याय संहिता की धारा 64(1) (बलात्कार), 352 (जानबूझकर अपमान), 351(3) (चोट पहुंचाना) और अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया। उन्होंने कहा कि पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए भेजा गया है और मामले में जांच जारी है।

