चंद्रशेखर आजाद ने की 2027 चुनाव की तैयारी; इन 13 जातियों को लेकर बनाया 'भाईचारा संगठन', बढ़ेगी BSP की मुश्किल!
punjabkesari.in Friday, Mar 06, 2026 - 12:15 PM (IST)
सहारनपुर: आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और नगीना से सांसद Chandrashekhar Azad ने सहारनपुर में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ एक अहम बैठक की। यह बैठक हसनपुर चुंगी स्थित एक सभागार में आयोजित की गई, जिसमें संगठन को मजबूत करने, आगामी चुनावों की रणनीति और कई राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर चर्चा हुई।
मायावती की राह पर चंद्रशेखर आजाद
बैठक के दौरान चंद्रशेखर आजाद ने बताया कि पार्टी 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारी अभी से कर रही है। इसके लिए 13 जातियों को साथ लेकर ‘भाईचारा संगठन’ बनाया गया है। उन्होंने कहा कि यह संगठन उसी तरह काम करेगा, जैसे पहले Mayawati के समय भाईचारा समिति काम करती थी। जानकारों का मानना है कि इस कदम से खासकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बसपा की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।
इन जातियों को साथ जोड़कर बनाया भाईचारा संगठन
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 13 पिछड़ी जातियों को साथ जोड़कर भाईचारा संगठन बनाया गया है। इसमें प्रजापति, कश्यप और विश्वकर्मा जैसी जातियों के लोगों को अहम जिम्मेदारियां दी गई हैं। सेक्टर और बूथ स्तर पर समितियां भी बनाई जा रही हैं, ताकि संगठन को मजबूत किया जा सके और 2027 के विधानसभा चुनाव तथा आने वाले पंचायत चुनावों में पार्टी मजबूती से मैदान में उतर सके। पार्टी अब बूथ स्तर से लेकर हर घर तक अपनी पहुंच बढ़ाने पर ध्यान दे रही है। कार्यकर्ता गली-मोहल्लों में जाकर लोगों से सीधे संवाद करेंगे और उन्हें जागरूक करने का काम करेंगे।

