यूपी के कुशीनगर में CM मोहन यादव बोले- ‘अंग्रेजो से ज्यादा कांग्रेस ने देश का नुकसान किया’

punjabkesari.in Wednesday, May 22, 2024 - 10:24 PM (IST)

Kushinagar News: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने बुधवार को कहा कि अंग्रेजों से ज्यादा देश का नुकसान कांग्रेस पार्टी ने किया है। भाजपा प्रत्याशी विजय कुमार दुबे के समर्थन में रामकोला के जनता इंटरमीडिएट कालेज में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुये उन्होंने कहा कि अंग्रेजों ने भारत में 200 साल शासन किया मगर वे भी देश का उतना नुकसान नहीं कर सके जितना कांग्रेस ने 70 सालों में कर दिया।

कांग्रेस के शासनकाल में होते थे घोटाले ही घोटाले
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में घोटाले पर घोटाले होते रहे। एक के बाद एक नए-नए घोटाले सामने आए। पूरे देश की हालत खराब थी। देश की अर्थव्यवस्था बुरी तरह चरमरा गई थी। अर्थशास्त्र के जानकार देश के प्रधानमंत्री थे, लेकिन पर्दे के पीछे से सोनिया गांधी सरकार चला रही थीं। प्रधानमंत्री मौन रहते थे। एक साहबजादे कैबिनेट के फैसले सार्वजनिक रूप से फाड़कर फेंकते थे।

कांग्रेस ने आजादी के बाद देश को धारा 370 का कलंक दिया
यादव ने कहा कि कांग्रेस के लोग हमारे नारों का मजाक उड़ाते थे। 2019 में हमने नारा दिया था अबकी बार 300 पार तो इन्होंने मजाक उड़ाया, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में 300 से अधिक सीटें लेकर आए और कांग्रेस एवं इसके घमंडिया गठबंधन की बोलती बंद की। कांग्रेस ने आजादी के बाद देश को धारा 370 का कलंक दिया। आज हमारा देश आर्थिक रूप से भी समृद्धशाली, वैभवशाली हुआ है। हम दुनिया की तीसरी बड़ी आर्थिक शक्ति बनने जा रहे हैं। देश में 70 नए हवाई अड्डे बने हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोजीदी के नेतृत्व में देश के हर वर्ग और हर क्षेत्र का विकास हुआ है। उन्होंने सेना के जवानों और किसानों को उनका मान-सम्मान दिलाया है। कोविड जैसी महामारी में भी देशवासियों की रक्षा करने का बीड़ा उठाया और प्रत्येक नागरिक की जान बचाई।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Mamta Yadav

Related News

static