विकास की ऊंचाइयों के साथ जनता को राहत, प्रधानमंत्री जी की कार्य योजना का हिस्सा: मुख्यमंत्री योगी

punjabkesari.in Saturday, Mar 28, 2026 - 02:39 PM (IST)

लखनऊ : उत्‍तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने शनिवार को नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के उद्घाटन समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि विकास की ऊंचाइयों के साथ जनता को राहत प्रधानमंत्री जी की कार्य योजना का हिस्सा है। योगी ने प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी समेत कई प्रमुख नेताओं की मौजूदगी में अपने संबोधन में कहा, "विकास की ऊंचाइयों के साथ जनता को राहत प्रधानमंत्री जी की कार्य योजना का हिस्सा है। यह आज हर क्षेत्र में देखने को मिल रहा है और नोएडा हवाई अड्डा इसी श्रृंखला का हिस्सा है।" 

मुख्यमंत्री ने कहा, "सबसे पहले मोदी जी का इस भव्य और गरिमामय समारोह में प्रदेश की 25 करोड़ जनता की ओर से नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के माध्‍यम से उड़ान योजना के तहत राज्य को एक नई ऊंचाई प्रदान करने के लिए अभिनंदन करता हूं।" उन्होंने कहा, "यह कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है। कल (शुक्रवार को) ही रामनवमी के पावन अवसर पर पूरे देश के अंदर उत्साह का माहौल था।" योगी ने कहा, "पूरी दुनिया में अव्यवस्था, अराजकता का माहौल, संशय की स्थिति है और पूरी दुनिया में पेट्रोलियम उत्पादों के दाम आसमान छू रहे हैं। लेकिन अपनी दूरदर्शी सोच, देश प्रथम के भाव से 11 वर्षों से जो कार्य योजना मोदी जी के नेतृत्व में भारत के लिए बनी है, वह अब देखने को मिल रही है।" 

उन्होंने कहा, "अमेरिका जैसे विकसित देशों में भी उत्पादों के दाम आसमान छू रहे हैं। पड़ोसी देशों में पेट्रोलियम पदार्थों के दाम आसमान छू रहे, अव्यवस्था फैल रही है और लोगों में कोटा सिस्‍टम लागू करना पड़ा लेकिन भारत में पेट्रोलियम उत्पादों पर उत्पाद शुल्क कम करने का आपने (मोदी) जो ऐतिहासिक निर्णय लिया है, उसके लिए आभार और कृतज्ञता ज्ञापित करता हूं।" 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Purnima Singh

Related News

static