कांग्रेस और सपा के महिला-विरोधी रवैये के खिलाफ रोष का प्रतीक है जनाक्रोश पदयात्रा: योगी आदित्यनाथ

punjabkesari.in Tuesday, Apr 21, 2026 - 12:41 PM (IST)

लखनऊ : सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी (सपा) समेत अन्य विपक्षी दलों पर महिला आरक्षण से संबंधित संविधान संशोधन विधेयक को पारित करने में रुकावट डालने का आरोप लगाते हुए लखनऊ में मंगलवार को 'जनाक्रोश महिला पदयात्रा' निकाली। मुख्यमंत्री के सरकारी आवास से शुरू हुई यह यात्रा विधान भवन पर समाप्त हुई। जहां अपने संबोधन में मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने कहा, "आज, हमारी बहनों के नेतृत्व में लखनऊ में 'जनाक्रोश मार्च' निकाला जा रहा है। यह मार्च देश में, विशेष रूप से 'आधी आबादी' के बीच, कांग्रेस, सपा, तृणमूल कांग्रेस और द्रमुक के महिला-विरोधी रवैये के खिलाफ व्याप्त रोष का प्रतीक है।''

पांच, कालिदास मार्ग स्थित मुख्यमंत्री आवास से यह जनाक्रोश पदयात्रा शुरू हुई जिसमें मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ समेत प्रमुख नेता शामिल हुए। यात्रा में योगी आदित्यनाथ के अलावा भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह, प्रदेश भाजपा अध्‍यक्ष व केन्‍द्रीय वित्‍त राज्‍य मंत्री पंकज चौधरी, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक, महिला एवं बाल विकास मंत्री बेबी रानी मौर्य और ऊर्जा मंत्री एके शर्मा शामिल हुए। इस मार्च में राज्य सरकार की मंत्री गुलाब देवी, रजनी तिवारी, प्रतिभा शुक्‍ला के अलावा उत्तर प्रदेश महिला आयोग की अध्‍यक्ष बबीता चौहान, उपाध्यक्ष अपर्णा यादव व चारू चौधरी तथा भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्‍यक्ष गीता शाक्य एवं महामंत्री प्रियंका सिंह रावत भी प्रमुख रूप से शामिल थीं। 

पदयात्रा में राज्य सरकार में मंत्री और भाजपा के सहयोगी दलों के नेता आशीष पटेल व ओमप्रकाश राजभर समेत कई नेता शामिल हुए। मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने पदयात्रा शुरू करते हुए
भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारे दिए। योगी ने कहा कि यह आक्रोश कांग्रेस और सपा समेत विपक्षी दलों के महिला विरोधी आचरण के खिलाफ देश भर में है। उन्होंने कहा कि खासतौर से आधी आबादी के मन में यह आक्रोश है और लखनऊ में हजारों की संख्या में बहनें इसमें शामिल हुई हैं। आक्रोश मार्च में शामिल लोग सपा-कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे। इस पदयात्रा में भाजपा सरकार के मंत्रियों और पदाधिकारियों के साथ ही सहयोगी दलों के नेताओं की मौजूदगी संविधान संशोधन विधेयक पर कांग्रेस-सपा के रुख के खिलाफ एकजुटता प्रदर्शित कर रही थी। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Purnima Singh

Related News

static