''पिछले साढ़े 11 वर्षों में भारत में पनपी नयी खेल संस्कृति'', नेशनल वॉलीबॉल चैंपियनशिप के शुभारंभ पर बोले CM Yogi

punjabkesari.in Sunday, Jan 04, 2026 - 05:26 PM (IST)

वाराणसी : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को कहा कि पिछले साढ़े 11 वर्षों में हर भारतवासी ने देश के भीतर एक नयी ‘खेल संस्कृति' को पनपते देखा है और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ‘खेलो इंडिया' अभियान के माध्यम से प्रत्येक भारतीय के मन में खेल के प्रति सम्मान का भाव पैदा किया है। 

मुख्यमंत्री ने यहां 72वीं सीनियर राष्ट्रीय वॉलीबॉल चैंपियनशिप के उद्घाटन अवसर पर अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान में गांव से लेकर शहर तक, ग्रामीण स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की प्रतियोगिताएं एक आम नागरिक की भागीदारी से आयोजित हो रही हैं और इसी क्रम में 43 वर्षों बाद राज्य में सीनियर राष्ट्रीय वॉलीबॉल चैंपियनशिप का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश समेत पूरे देश में खेलों की आधुनिक बुनियादी संरचना का विकास हुआ है। 

योगी आदित्यनाथ ने कहा, ‘‘पिछले साढ़े 11 वर्षों में पूरे देश ने भारत के समग्र विकास को देखा है। इस दौरान हर भारतवासी ने एक नयी खेल संस्कृति को देश के अंदर पनपते देखा है। प्रधानमंत्री ने वर्ष 2014 में ‘खेलो इंडिया' अभियान के माध्यम से प्रत्येक नागरिक के मन में खेल के प्रति सम्मान का भाव जागृत किया।'' उन्होंने कहा कि इस खेल संस्कृति का सार यह है कि हर भारतीय के जीवन में खेल को भी स्थान मिले और खेल को अब समय की बर्बादी नहीं, बल्कि जीवन के सर्वांगीण विकास के माध्यम के रूप में देखा जाए। मुख्यमंत्री ने इस बात पर बल दिया कि स्वस्थ शरीर से ही जीवन के सभी आयाम प्राप्त किए जा सकते हैं। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Purnima Singh

Related News

static