UP में भ्रष्टाचार और पुलिस उत्पीड़न चरम पर: अखिलेश बोले- आजादी का अमृत महोत्सव BJP का दिखावा मात्र

punjabkesari.in Thursday, Aug 11, 2022 - 07:07 PM (IST)

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में भ्रष्टाचार और पुलिस उत्पीड़न चरम पर होने का दावा करते हुये समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गुरूवार को कहा कि आजादी के 75 वर्ष पर आयोजित अमृत महोत्सव भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का दिखावा मात्र है।       

यादव ने जारी बयान में कहा कि पुलिस की उत्पीड़न की कार्यवाहियां जारी है, मुख्यमंत्री अब इस सबसे बेखबर बन गये है क्योंकि उनका कोई नियंत्रण गृह विभाग पर नहीं रह गया है। मैनपुरी में पुलिस पिटाई से परेशान होकर एक युवक ने जान दे दी। खुद पुलिस वाले भी अपने विभाग में शिकार बन जाते हैं। एक पुलिस वाला रो-रोकर बता रहा है कि उसे इतना खराब खाना दिया जा रहा है जिसे जानवर भी न खाए। वह कहता है कि अफसर सुनते नहीं, वह किससे शिकायत करे। अमृत महोत्सव में वह भूखोत्सव मनाने को विवश है।       

उन्होंने कहा कि अमृत महोत्सव के नाम पर राष्ट्र भक्ति का उपदेश देने वाले आरएसएस-भाजपा नेताओं ने चूंकि कभी राष्ट्रध्वज का सम्मान नहीं किया इसलिए आज भी वे उसका अपमान करने से नहीं चूक रहे हैं। कहीं तिरंगा यात्रा को भाजपाइयों ने दंगा यात्रा बना दिया है तो इटावा में भाजपा नेताओं ने दिखा दिया कि उन्हें सीधा तिरंगा पकड़ना भी नहीं आता है। घर-घर उल्टा तिरंगा बांटा जा रहा है। भाजपा कार्यालयों में झण्डा बिक्री की दूकाने खुल गई हैं। स्कूलों में बच्चों से, दफ्तर के कर्मचारियों से झण्डा खरीद के लिए वसूली की जा रही है।

सपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपाई राष्ट्रवाद के नाम पर केवल अपना स्वार्थवाद ही पूरा करना जानते हैं। उनके लिए लोकतंत्र केवल कहने-सुनने को है। अमृत महोत्सव को जनजीवन के उत्साह से जोड़ने की जगह भाजपाई रंग देने का प्रयास देश के लिए मर मिटने वाले शहीदों का अपमान है। भाजपा के इस खेल को जनता नापसंद करती है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की कथित जीरो टालरेंस नीति सिर्फ जुमला बनकर रह गयी है। उत्तर प्रदेश में हर विभाग भ्रष्टाचार में संलिप्त है और पुलिस उत्पीड़न करने में लगी है। भाजपा की दागदार सरकार में धांधली का साम्राज्य है। प्रदेश में पीडब्लूडी, स्वास्थ्य और शिक्षा विभाग के तबादलों में पूरी धन्धेबाजी नजर आई। जांच के नाम पर कुछ ठोस परिणाम नहीं आये। घपला, घोटाला करने वाले अपनी अपनी कुर्सियों पर जमे हैं। मुख्यमंत्री रिपोटर् मांग लेते हैं, अफसर उस पर कुण्डली मार कर बैठ जाते है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Mamta Yadav

Recommended News

Related News

static