Greater Noida cylinder blast: खाना बनाते समय सिलिंडर में ब्लास्ट, लाखों का नुकसान
punjabkesari.in Monday, Mar 09, 2026 - 07:44 PM (IST)
नोएडा: उत्तर प्रदेश में गौतमबुद्धनगर जिला परिक्षेत्र ग्रेटर नोएडा के सेक्टर बीटा वन स्थित एक पीजी मकान में सोमवार को खाना बनाते समय गैस सिलेंडर में आग लगने के बाद अचानक विस्फोट हो गया। धमाके की तेज आवाज से इलाके में हड़कंप मच गया और आसपास के लोग दहशत फैल गयी। आग लगने से मकान में रखा घरेलू सामान जलकर खाक हो गया, जिससे लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।
मौके पर पहुंची ब्रिगेड की टीम
सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई। अग्निशमन अधिकारी ने बताया कि बीटा-दो कोतवाली पुलिस के साथ दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंच गयी और दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और स्थिति नियंत्रण में है।
सिलेंडर के तेज धमाके से घरो से बाहर निकले लोग
प्राप्त जानकारी के अनुसार सेक्टर बीटा-वन स्थित एक मकान में पीजी संचालित किया जा रहा है। आज पीजी में रहने वाले लोग रसोई में खाना बना रहे थे, तभी अचानक गैस सिलेंडर में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और कुछ ही देर में सिलेंडर तेज धमाके के साथ फट गया। धमाका इतना तेज था कि आसपास के घरों तक उसकी आवाज सुनाई दी और लोग घबराकर अपने घरों से बाहर निकल आए।
गैस रिसाव से ब्लास्ट की आशंका
स्थानीय लोगों के अनुसार विस्फोट के बाद मकान के अंदर रखा फर्नीचर, रसोई का सामान और अन्य घरेलू वस्तुएं जलकर नष्ट हो गईं। हालांकि गनीमत यह रही कि घटना के समय मौजूद लोगों ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में गैस रिसाव के बाद आग लगने की आशंका जताई जा रही है।
अग्निशमन विभाग घटना के जांच में जुटी
फिलहाल अग्निशमन विभाग और पुलिस की टीम आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है। घटना के बाद इलाके में कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। आग बुझने के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली। प्रशासन ने लोगों से रसोई गैस का उपयोग करते समय सावधानी बरतने और गैस रिसाव की स्थिति में तुरंत संबंधित विभाग को सूचना देने की अपील की है।

