संजय निषाद की मांग- निषाद पार्टी का उप मुख्यमंत्री बनाए BJP

punjabkesari.in Monday, Jul 05, 2021 - 04:09 PM (IST)

बलियाः राष्ट्रीय निषाद पार्टी के अध्यक्ष संजय निषाद का दावा है कि निषाद समाज की नाराजगी की वजह से भारतीय जनता पार्टी को पंचायत चुनाव में नुकसान उठाना पड़ा और कहा कि उनके समाज की मांग है कि भाजपा उन्हें उप मुख्यमंत्री बनाए। निषाद ने रविवार को जिला मुख्यालय पर संवाददाताओं से बातचीत करते हुए घोषणा की है कि भाजपा के साथ उनका गठबंधन जारी रहेगा। उन्होंने कहा, “हम भाजपा के साथ थे, अभी भी हैं और आगे भी रहेंगे।” उन्होंने इसके साथ ही चेताया, “हम भाजपा के साथ हैं, परन्तु हमारा समाज भाजपा से दूर हो रहा है।” 

उन्होंने आरोप लगाया, “हमारे समाज को कांग्रेस, सपा व बसपा ने धोखा दिया है, अब इन्हें लगता है कि भाजपा भी धोखा दे रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा पहले ठीक थी, उन्होंने निषादों को आरक्षण देने का वादा किया था, सदन में भी उन्होंने घोषणा की थी, लखनऊ के एक कार्यक्रम में भी वादे किये थे। अब दिल्ली में भाजपा की सरकार है, लेकिन आरक्षण पर कोई बात नहीं हो रही है।” उन्होंने दावा किया कि इसी कारण जिला पंचायत चुनाव में भाजपा को नुकसान हुआ हैं। उन्होंने मांग की कि जल्द से जल्द निषाद समाज को आरक्षण मिले और उनके विरुद्ध दर्ज मुकदमे वापस हों।

उन्होंने भाजपा के उन्हें उप मुख्यमंत्री बना देने की उम्मीद भी जताई। उन्होंने सफाई देते हुए हालांकि स्पष्ट किया कि उप मुख्यमंत्री बनाने की मांग उनके समाज की है। यह पूछे जाने पर कि क्या भाजपा उनकी उप मुख्यमंत्री बनाने की मांग को स्वीकार कर लेगी, उन्होंने कहा कि भाजपा को यदि लगेगा कि निषाद पार्टी व डॉ. संजय निषाद को साथ रखने से लाभ है तो साथ रखेंगे व उप मुख्यमंत्री बनायेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा को लगेगा कि निषादों को आरक्षण देने से लाभ होगा तो अवश्य करेंगे। यदि उन्हें लगेगा कि नुकसान है तो “कहीं गच्चा न खा जाएं जैसा कि पश्चिम बंगाल में उनके साथ हुआ”। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tamanna Bhardwaj

Related News

Recommended News

static