कानपुर देहात में देवरिया जैसा हत्याकांडः लाठी-डंडों से परिवार पर जानलेवा हमला, दो की मौत; 4 घायल

punjabkesari.in Friday, Oct 06, 2023 - 12:02 PM (IST)

Kanpur Dehat: उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात से देवरिया जैसी एक दिल दहला देने वाली एक घटना सामने आई है। जहां पर जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। जिसके चलते एक पक्ष ने लाठी, डंडों और कुल्हाड़ी से एक परिवार पर हमला कर दिया। इस हमले में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 4 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की जानकारी होने पर घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। मामले की जानकारी होने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसके बाद मामले में जांच शुरू कर दी।

PunjabKesari

यह पूरी घटना कानपुर देहात के गजनेर थाना क्षेत्र की है। यह घटना जमीनी विवाद को लेकर हुई। दरअसल, गजनेर थाना क्षेत्र के शाहजहांपुर निनायां निवासी रामवीर विश्वकर्मा को सरकारी आवास मिला था। गांव में एक जमीन पर उसने आवास निर्माण के लिए सामग्री उतरवाई थी। इसी जगह पर गांव के मोहन शुक्ला ने गुरुवार शाम लोडर खड़ा कर जमीन को अपना बताना शुरू कर दिया। शाम को विवाद के बाद मामला शांत हो गया। लेकिन इसके बाद रात 11ः00 बजे के करीब मोहन शुक्ला व उसके परिवार के लोगों ने चारपाई डालकर सो रहे रामवीर पर हमला कर दिया।

यह भी पढ़ेंः यूपी में बदले 3 रेलवे स्टेशनों के नाम; प्रतापगढ़ जंक्शन बना मां बेल्हा देवी धाम, जानें दूसरे स्टेशनों का क्या होगा नाम

हादसे में दो लोगों की मौत
इस बात की जानकारी होने पर रामवीर के बड़े भाई सत्यनारायण व परिजन पहुंचे। बीच बचाव करने में हमलावरों ने सत्यनारायण, रामवीर की पत्नी मधु, बेटी काजल, बेटे बीनू, सोनू को लाठी डंडों व कुल्हाड़ी से हमला कर घायल कर दिया। उनकी चीख-पुकार सुनकर गांव के लोग पहुंच गए। जिन्हें देखकर हमलावर मौके से भाग निकले। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को जानकारी दी और घायलों को इलाज के लिए कानपुर के हैलट अस्पताल में भर्ती कराया। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। वहीं, घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है।

PunjabKesari

पुलिस ने तीन आरोपी किए गिरफ्तार
घटना की जानकारी होने पर पुलिस मौके पर पहुंची और गांव के कई लोगों को हिरास्त में लिया और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने हिरासत में लिए गए लोगों और गांव के लोगों से पूछताछ की। पुलिस जांच में पता चला है कि रामवीर से विवाद करने पहुंचे लोग नशे की हालत में थे। गांव के कुछ लोगों ने विवाद करने से मना किया। मगर कुछ देर बाद एकजुट होकर पहुंचे लोगों ने हमला कर परिवार के छह लोगों को मरणासन्न कर दिया। पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। फिलहाल, घायलों की हालत काफी गंभीर है और पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pooja Gill

Related News

static