जिला अस्पताल में गंदगी देख भड़के डिप्टी CM ब्रजेश पाठक, जल्द व्यवस्था दुरुस्त कराने के दिए निर्देश

punjabkesari.in Tuesday, Mar 21, 2023 - 03:52 PM (IST)

आगरा (बृज भूषण): उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने आगरा में जिला अस्पताल का निरीक्षण किया। शाम करीब 6:00 बजे डिप्टी सीएम  जिला अस्पताल पहुंचे। ओपीडी भवन पहुंचे तो यहां लिफ्ट खराब थी। उन्होंने नाराज होते हुए प्रमुख अधीक्षक से कहा कि लिफ्ट खराब है, मरीजों को ऊपरी मंजिल पर जाने में दिक्कत होगी। इसे ठीक क्यों नहीं कराया, इस पर उन्हें बताया कि ऑर्डर दे दिया है। इसी सप्ताह ठीक हो जाएगी। यहां से ऑक्सीजन प्लांट और अग्निशमन प्लांट का हाल देखा। यहां से इमरजेंसी गए और प्रभारी से मरीजों के बारे में जानकारी ली।

PunjabKesari

डिप्टी सीएम ने बैड पर लेटे मरीजों से उसका हालचाल जाना और बैड लीवर चलाकर व्यवस्था भी परखी। जब वो वहां से शौचालय गए तो वह बेहद गंदा था। टाइल्स उखड़ी हुई थी और उन पर काई जमी हुई थी। इस पर नाराज हुए और उन्होंने टाइल्स ठीक न करवाने और साफ-सफाई न होने पर स्वास्थ्य अधिकारियों से सवाल जवाब किए। चेतावनी देते हुए उन्होंने व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए कार्यों का प्रस्ताव बनाने के आदेश दिए। उन्होंने आउटसोर्सिंग कंपनी पर कार्रवाई करने के आदेश दिए। इससे पहले डिप्टी सीएम ने नेशनल चैंबर ऑफ इंडस्ट्रीज एंड कॉमर्स के संवाद कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान तमाम उद्योगपतियों ने उद्योग चलाने में आ रही समस्याओं व आगरा में चेक डैम और एयरपोर्ट की मांग को लेकर जल्द कार्रवाई करने की बात कही।

PunjabKesari

डिप्टी सीएम ने साधा सपा पर जमकर निशाना
डिप्टी सीएम ने सभी को भरोसा दिलाया कि जल्द ही आगरा के लोगों की सभी मांगों को शीर्ष स्तर तक पहुंचा कर जल्द इस पर अमल कराया जाएगा। इस दौरान उन्होंने सपा सरकार पर भी जमकर निशाना साधा। डिप्टी सीएम ने कहा कि 2017 के बाद से सभी वर्गों के साथ व्यापारी वर्ग भी उत्तर प्रदेश में बिना किसी भय के व्यापार कर रहे हैं। लेकिन इससे पहले की सरकारों में हमेशा व्यापारियों को अपहरण व गुंडों का भय सताता रहता था। 2017 से पहले लोग यूपी को अपराधियों को बढ़ावा देने वाले राज्य के रूप में, टूटी सड़कों वाले राज्य के रूप में देखते थे। पूरी तरह से अव्यवस्था का आलम उत्तर प्रदेश में था। लॉ एंड ऑर्डर पूरी तरह से ध्वस्त था। आगरा के सब लोग जानते हैं हर किसी को डर लगता था कि कहीं पकड़ (अपहरण) ना हो जाए। सूर्यास्त होने के बाद पकड़ का डर रहता था। लेकिन आज अपराधी गले में तख्ती डालकर पुलिस से बोलते हैं कि हमें जेल में डाल दो।

PunjabKesari

व्यापारी अब आराम से कर सकते है अपना व्यापार
डिप्टी सीएम ने कहा कि 2017 से पहले हर जिले में गाड़ियों में 10-10 बंदूकें लेकर घूमते हुए लोग मिल जाते थे। लगता था कि उन्हें आत्म सुरक्षा का नहीं बल्कि फौज का लाइसेंस मिला है, आतंक का पर्याय बने हुए थे। सरकारी ठेके में गोलियां चल जाती थी। आगरा के लोग जानते हैं कि पिछली सरकार में नारा था 'खाली प्लॉट हमारा है, समाजवादी पार्टी का नारा है।' लेकिन आज गुंडे माफिया बंदूक लेकर नहीं दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने अपने संबोधन में मुख्तार अंसारी को भी आड़े हाथ लिया। उन्होंने कहा कि आज एक बड़ा गुंडा माफिया व्हीलचेयर पर जेल जा रहा है। क्योंकि आज न्याय का राज है। यह सब कुछ यूपी के मुख्यमंत्री योगी के भयमुक्त प्रदेश के सपने को साकार कर रहा है। व्यापारी अब आराम से अपना व्यापार कर सकते हैं। ना तो व्यापारी से कोई चौथ वसूली की जाती की है और ना ही उन्हें अनावश्यक परेशान किया जाता है।

PunjabKesari

आगरा में जल्द शुरू होना चाहिए एयरपोर्ट बनाने का काम- डिप्टी CM
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि, आगरा में दीनदयाल उपाध्याय एयरपोर्ट के लिए भी सरकार को पहल करनी चाहिए। आगरा में ताजमहल को देखने के लिए हजारों देशी-विदेशी पर्यटक आते हैं, लेकिन अभी तक एयरपोर्ट की व्यवस्था आगरा में नहीं है। हालांकि कुछ उड़ाने आगरा से जरूर संचालित हो रही हैं, वह भी एयरफोर्स के हवाई अड्डे से संचालित की जा रही हैं। ऐसे में जल्द से जल्द सरकार द्वारा आगरा में एयरपोर्ट बनाने का काम भी शुरू होना चाहिए। वहीं उन्होंने यमुना नदी में रबर चैक डैम बनाने के बारे में कहा कि यमुना नदी में लंबे समय से डिसिल्टिंग नहीं हुई है। जिसकी वजह से यमुना बहुत ज्यादा प्रदूषित हो गई है। ऐसे में जल्द से जल्द यमुना में डिसिल्टिंग का काम शुरू किया जा सके। और जैसा कि केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा था कि वह यमुना में जल परिवहन शुरू करेंगे ऐसे में यमुना में रबड़ चेक डैम बनने और डिसिल्टिंग होने से पानी की आपूर्ति पूरी हो सकेगी। इससे ताजमहल को मच्छरों और कीड़ों से होने वाली परेशानी से मुक्ति मिलेगी और यमुना भी भव्य और सुंदर दिखेगी।

PunjabKesari

डिप्टी सीएम ने अस्पताल में PET-सीटी स्केन मशीन का किया उद्घाटन
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने एक निजी अस्पताल में PET-सीटी स्केन मशीन का का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि आगरा में पहली बार इस तरह की मशीन उपलब्ध होने से अब मरीजों को कैंसर जांच के लिए दिल्ली नहीं जाना पड़ेगा। डिप्टी सीएम ने कहा कि इस मशीन से कैंसर डिटेक्ट करने में आसानी होती है। एसएन मेडिकल कॉलेज में भी कैंसर मरीजो के लिए इस तरह की सुविधा जल्द उपलब्ध कराई जाएगी। लखनऊ में सरकार द्वारा कैंसर इंस्टीट्यूट खोला गया है। मंडल स्तर पर कैंसर मरीजों को इस तरह की सुविधा देने के लिए सरकार काम कर रही है। आगरा मंडल सरकार के प्रथम एजेंडे में शामिल है। इसके लिए आगरा में बड़ा कार्यक्रम होगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा व्यापारी वर्ग के लिए तमाम सहूलियत के काम किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि व्यापारियों ने जो भी मांगे हमारे सामने रखी हैं। उन सभी मांगों को मैं शीर्ष स्तर तक दमदारी के साथ पहुंचाऊंगा। ताकि जल्द से जल्द यह मांगे मानी जा सके और आगरा के लोगों का व्यापारी वर्ग को अच्छी से अच्छी सुविधा व्यापार चलाने के लिए मिल सकें।   


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pooja Gill

Recommended News

Related News

static