मैनपुरी उपचुनाव: नामांकन से पहले डिंपल यादव ने मुलायम सिंह को किया याद, ट्वीट कर लिखी ये बड़ी बात
punjabkesari.in Monday, Nov 14, 2022 - 03:51 PM (IST)

लखनऊ: समाजवादी पार्टी की उम्मीदवार डिंपल यादव ने मैनपुरी लोकसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव के लिये अपना नामांकन पत्र दाखिल करने से पहले सोमवार को कहा कि वह मुलायम सिंह यादव के सिद्धांतों और मूल्यों को अपना आज का नामांकन समर्पित करती हैं। डिंपल यादव ने एक ट्वीट में कहा कि नेताजी को सादर नमन के साथ, हम आज का नामांकन उनके सिद्धांतों और मूल्यों को समर्पित कर रहे हैं। नेताजी का आशीर्वाद हम सबके साथ हमेशा रहा है, हमेशा रहेगा। मैनपुरी लोकसभा सीट के लिए उपचुनाव 5 दिसंबर को होगा और नतीजे 8 दिसंबर को घोषित किए जाएंगे।
नेताजी को सादर नमन के साथ, हम आज का नामांकन उनके सिद्धांतों और मूल्यों को समर्पित कर रहे हैं।
— Dimple Yadav (@dimpleyadav) November 14, 2022
नेताजी का आशीर्वाद हम सबके साथ हमेशा रहा है, हमेशा रहेगा। pic.twitter.com/KgUkyp0gZN
जानकारी मुताबिक उपचुनाव के लिए नामांकन दाखिल करना शुरू हो गया है और 17 नवंबर को नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख है। मैनपुरी संसदीय सीट 10 अक्टूबर को मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद खाली हुई थी। मैनपुरी लोकसभा सीट पर 1996 से सपा के उम्मीदवार चुने जाते रहे हैं। डिंपल यादव 2019 में कन्नौज से भाजपा उम्मीदवार सुब्रत पाठक के खिलाफ चुनाव लड़ी थीं और हार गई थीं। मैनपुरी संसदीय क्षेत्र में पांच विधानसभा क्षेत्र हैं- मैनपुरी, भोगांव, किशनी, करहल और जसवंत नगर। साल 2022 के विधानसभा चुनावों में, सपा ने करहल, किशनी और जसवंत नगर सीटों पर जीत हासिल की, जबकि भाजपा ने मैनपुरी और भोगांव सीटों पर जीत हासिल की।
भाजपा ने अभी तक इस सीट पर अपने उम्मीदवार की घोषणा नहीं की है, जबकि यह अभी स्पष्ट नहीं है कि कांग्रेस, बसपा और शिवपाल यादव की प्रगतिशील समाजवादी पार्टी-लोहिया (पीएसपीएल) चुनाव लड़ेंगी या नहीं। वर्ष 2019 में सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव ने अपने निकटम प्रतिद्वंदी भाजपा के प्रेम सिंह शाक्य से 94,000 मतों के अंतर से मैनपुरी सीट से चुनाव जीता था। अखिलेश की करहल विधानसभा सीट, मैनपुरी लोकसभा क्षेत्र का हिस्सा है और इसी तरह जसवंत नगर सीट का शिवपाल यादव प्रतिनिधित्व करते हैं। अखिलेश यादव के मुख्यमंत्री बनने और विधान परिषद में जाने के लिए कन्नौज लोकसभा सीट से इस्तीफा देने के बाद 2012 में डिंपल यादव इस सीट से निर्विरोध चुन ली गई थीं।