डिंपल यादव ने संसद सदस्य के तौर पर ली शपथ, अखिलेश के साथ पहुंची थीं संसद भवन
punjabkesari.in Monday, Dec 12, 2022 - 12:30 PM (IST)

लखनऊ: समाजवादी पार्टी की नेता डिंपल यादव ने लोकसभा के सदस्य के रूप में सोमवार को शपथ ग्रहण की। अध्यक्ष ओम बिरला ने सदन की कार्यवाही शुरु करते ही लोकसभा महासचिव उत्पल कुमार सिंह से डिंपल को शपथ दिलाने के लिए बुलाने को कहा। इसके साथ ही डिंपल ने तीसरी बार लोकसभा की सदस्यता ग्रहण की। डिंपल उत्तर प्रदेश के मैनपुरी से हाल में हुए उपचुनाव में विजय होकर संसद में पहुंची है। यह सीट समाजवादी पार्टी के प्रमुख रहे मुलायम सिंह यादव के निधन के कारण खाली हुई थी। डिंपल यादव मुलायम सिंह यादव की बहू तथा उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की पत्नी है। सपा नेता डिंपल यादव इससे पहले कन्नौज से 2012 और 2014 में भी समाजवादी पार्टी के टिकट से लोकसभा सदस्य के रूप में चुनकर संसद पहुंची थी।
साल 1996 से लेकर अब तक इस लोकसभा सीट पर काबिज है सपा
भले ही मैनपुरी लोकसभा सीट का उपचुनाव मुलायम सिंह यादव के बिना लड़ा गया लेकिन समाजवादी पार्टी ने यह चुनाव नेताजी के नाम पर लड़ा। मैनपुरी, सपा का वह गढ़ है जिसे समाजवादी पार्टी के गठन के बाद से लेकर अब तक कोई जीत नहीं कर पाया है। साल 1996 से लेकर अब तक समाजवादी पार्टी इस लोकसभा सीट पर काबिज है। मैनपुरी के वोटरों ने भी अपने नेता का सम्मान और जलवा दोनों ही बरकरार रखा। वहीं सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और प्रत्याशी डिंपल यादव ने हर जनसभा में जनता से नेताजी को श्रद्धांजलि देने की अपील की थी।
SP ने डिंपल यादव व BJP ने रघुराज शाक्य को उतारा था चुनावी मैदान में
भारतीय जनता पार्टी ने रघुराज शाक्य सहित 6 प्रत्याशियों को चुनावी मैदान में उतारा था, वहीं समाजवादी पार्टी ने अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव को अपना उम्मीदवार बनाया था। गुरुवार की सुबह 8 बजे मतगणना शुरु हुई थी। शुरुआती दौर में ही सपा की डिंपल यादव ने बढ़त बना ली जो बाद में ऐतिहासिक जीत में बदल गई। डिंपल यादव को 617625 वोट मिले, जबकि भाजपा के रघुराज सिंह शाक्य को 329489 वोट मिले। इस तरह डिंपल ने 288136 वोटों से भाजपा प्रत्याशी को हरा दिया।
मैनपुरी उपचुनाव में डिंपल यादव ने दर्ज की ऐतिहासिक जीत
आपको बता दें कि डिंपल यादव इससे पहले भी 2 बार सांसद रह चुकी है। वह कन्नौज से 2012 और 2014 में भी समाजवादी पार्टी (SP) से लोकसभा सदस्य के रूप में चुनकर संसद पहुंची थी। गौरतलब है कि सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद खाली हुई मैनपुरी लोकसभा सीट पर हुए उपचुनाव में सपा प्रत्याशी के तौर पर डिंपल यादव ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की। डिंपल यादव ने 6 लाख 18 हजार से अधिक वोट जुटाकर भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार रघुराज सिंह शाक्य को लगभग सवा 3 लाख वोटों से मात दी थी।