लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर काल बनकर दौड़ी बस! ट्रक से भिड़ंत के बाद 2 यात्रियों की मौत, 11 जख्मी, ड्राइवर को झपकी आने से हुआ हादसा

punjabkesari.in Monday, May 11, 2026 - 11:59 AM (IST)

कानपुर : यूपी में कानपुर के बिल्हौर इलाके में सोमवार को पटना से दिल्ली जा रही एक तेज रफ्तार डबल-डेकर बस की लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर एक ट्रक से टक्कर हो जाने से दो यात्रियों की मौत हो गई तथा 11 अन्य घायल हो गए। पुलिस सूत्रों ने यहां बताया कि यह हादसा तड़के करीब साढ़े चार बजे अरौल टोल प्लाजा के पास हुआ। उन्होंने बताया कि इस घटना में बस का संतुलन बिगड़ गया और वह सिलीगुड़ी से सहारनपुर जा रहे एक ट्रक से पीछे से जा टकरायी। 

उन्होंने बताया कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक पलट गया और बस का अगला हिस्सा पूरी तरह से चकनाचूर हो गया तथा कई यात्री बस में फंस गए। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस और उत्तर प्रदेश एक्सप्रेस वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण की टीम ने तत्काल बचाव अभियान शुरू किया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। सहायक पुलिस आयुक्त (बिल्हौर) मंजय सिंह ने बताया कि इस घटना में घायल बिहार निवासी तीन यात्रियों नीरज, बबलू और रितेश को बेहतर इलाज के लिए लाला लाजपत राय अस्पताल रेफर कर दिया गया जहां इलाज के दौरान नीरज (30) और बबलू (32) की मौत हो गई। 

उन्होंने बताया कि शुरुआती जांच में पता लगा है कि बस चालक को गाड़ी चलाते समय शायद झपकी आ गई थी और बस लगभग 100 किलोमीटर प्रति घंटे से ज्यादा की रफ्तार से ट्रक से जा टकरायी। सहायक पुलिस आयुक्त ने बताया कि क्रेन तथा अन्य मशीनों की मदद से एक्सप्रेसवे से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात को बहाल किया गया। पुलिस ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और औपचारिक शिकायत मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Purnima Singh

Related News

static