चाची की क्रूरता: विवाद और जलन के चलते 3 साल के मासूम को दूसरी मंजिल से फेंका नीचे, हालत नाजुक
punjabkesari.in Tuesday, Aug 15, 2023 - 12:44 PM (IST)

Moradabad Crime News: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले से एक दिल-दहला देने वाला मामला सामने आया है। जहां एक महिला ने पारिवारिक विवाद और जलन के चलते 3 साल के मासूम को 2 मंजिले मकान की खिड़की से नीचे फेंक दिया। जिससे बच्चे के सिर पर फ्रैक्चर हो गया। आनन-फानन में बच्चे को अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल में बच्चे की हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
जानें क्या है पूरा मामला?
जानकारी के मुताबिक, मामला मुरादाबाद के नागफनी क्षेत्र के मोहल्ला दांग में कुएं वाला मैदान का है। जहां स्थित एक 2 मंजिले मकान में रहने वाले शानू का परिवार पहली मंजिल पर रहता है जबकि उसका छोटा भाई नाजिम भूतल पर परिवार के साथ रहता है। बताया जा रहा है कि सुबह के करीब 8 बजे शानू का 3 साल का बेटा समद खेल रहा था। इसी दौरान उसकी चाची रहमत पहली मंजिल पर आई और अपनी जेठानी के बेटे समद(3) को उठाकर खिड़की से नीचे फेंक दिया।
बच्चे को पैर से पकड़कर खिड़की से फेंका नीचे
वहीं, बच्चो को गिरते देख ही आस-पास के लोग दोड़ पड़े। आनन-फानन ने समद के परिजनों ने उसे एक निजी अस्पताल में पहुचा। जहां से डॉक्टरों ने उसे अन्य अस्पताल लेकर जाने की सलाह दी। जिसके बाद पिता ने अपने घायल बेटे को कॉसमॉस स्थित एक निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया। जहां बच्चे की हालत नाजुक बनी हुई है।
आरोपी देवरानी को भेजा गया जेल
घटना की सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने घायल बच्चे की मां शबीना की तहरीर के आधार पर आरोपी रहमत जहां के खिलाफ केस दर्ज कर उसको गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने पूछताछ के बाद आरोपी महिला को अदालत में पेश किया गया। जहां से उसे न्यायिक हिरासत में लेकर जेल भेज दिया है।
जेठानी से जलन के चलते देवरानी ने दिया वारदात को अंजाम
आरोपी महिला ने पूछताछ में बताया कि उसका अपने पति नाजिम से विवाद चल रहा था। जिसके चलते उसका जेठ शानू और जेठानी शबीना दोनों उसके पति का पक्ष लेते थे। इसी कारण वह परेशान रहती थी। आरोपी महिला ने आगे बताया कि उसकी एक बेटी है लेकिन बेटा नहीं था। जेठानी का एक बेटा भी था। इसी कारण वह अपनी जेठानी से अंदर ही अंदर जलन करती थी। वह चाहती थी कि जेठानी का बेटा भी न रहे। इसलिए उसने अपनी जेठानी के बेटे को खिड़की से नीचे फेंका।