Sambhal News: मायावती के जन्मदिन पर 8 साल पहले काटा था मिट्टी का केक और बांटे थे लड्डू, पुलिस ने 3 आरोपियों को किया गिरफ्तार

punjabkesari.in Sunday, Aug 13, 2023 - 11:14 AM (IST)

(मुजम्मिल दानिश)Sambhal News: उत्तर प्रदेश के संभल जिले में पुलिस ने 8 साल पहले पूर्व सीएम मायावती के जन्मदिन पर मिट्टी का केक काटने और मिट्टी के लड्डू बांटने के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपी इस मामले में कोर्ट से लगातार नोटिस जारी होने के बावजूद कोर्ट में पेश नहीं हो रहे थे, जिसके बाद कोर्ट ने आरोपियों के गिरफ्तारी के लिए  अरेस्ट वारंट जारी किए थे। आरोपियों ने पूर्व सीएम मायावती के द्वारा संभल को जनपद घोषित किए जाने के बाद संभल तहसील को जनपद मुख्यालय घोषित न किए जाने से नाराज होकर  पूर्व सीएम मायावती के जन्मदिन पर मिट्टी का केक काटकर विरोध जताया था। पूर्व सीएम के जन्मदिन पर मिट्टी का केक काटने के मामले में गिरफ्तार मुख्य आरोपी ने खुद को बीजेपी से जुड़ा होने का दावा करते हुए सपा सांसद और विधायक पर मामले में फंसाने का आरोप लगाया है।

PunjabKesari

मायावती ने वर्ष 2011 में अपनी बसपा सरकार में संभल तहसील को किया था जिला घोषित
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, उत्तर प्रदेश की तत्कालीन मुख्यमंत्री मायावती ने वर्ष 2011 में अपनी बसपा सरकार में संभल तहसील को जिला घोषित किया था। तत्कालीन सीएम मायावती ने संभल तहसील को जनपद घोषित किए जाने के बाद संभल का नाम बदलकर भीम नगर कर दिया था लेकिन, संभल को जनपद घोषित किए जाने के बाद पूर्व सीएम मायावती द्वारा जनपद मुख्यालय का ऐलान नहीं किया गया था। जिला मुख्यालय अपनी-अपनी तहसीलों में स्थापित किए जाने को लेकर जिले की तीनों तहसीलों में कई संगठनों में टकराव की स्थिति बन गई थी। वर्ष 2012 में सत्ता परिवर्तन होने के बाद सपा की सरकार प्रदेश में आ गई ,सपा सरकार ने भीमनगर का नाम बदलकर दोबारा संभल कर दिया। जनपद का अस्थाई जिला मुख्यालय भी बहजोई बना दिया गया था। जबकि संभल जिला संघर्ष समिति के पदाधिकारी संभल तहसील में ही जिला मुख्यालय बनाए जाने की मांग कर रहे थे। जिला संघर्ष समिति के पदाधिकारियों की नाराजगी इस बात को लेकर थी कि पूर्व सीएम मायावती  संभल को जनपद बनाए जाने के साथ ही संभल तहसील में  जनपद मुख्यालय की घोषणा भी कर देनी चाहिए थी।

PunjabKesari

बसपा नेताओं द्वारा जिला संघर्ष समिति के पदाधिकारियों के खिलाफ दर्ज कराया गया था केस
आपको बता दें कि इसी नाराजगी को लेकर जिला संघर्ष समिति के पदाधिकारियों ने वर्ष 2015 में पूर्व मुख्यमंत्री मायावती के जन्मदिन पर एक कार्यक्रम का आयोजन कर मिट्टी का केक काटा था और  मिट्टी के लड्डू का  वितरण कर पूर्व सीएम मायावती का पुतला भी फूंका  था। इस मामले में बसपा नेताओं द्वारा जिला संघर्ष समिति के पदाधिकारियों के खिलाफ केस दर्ज कराया गया था। इस केस में समिति के 8 लोगों को आरोपी बनाया गया था लेकिन केस दर्ज होने के बाद समिति के सदस्य सभी आरोपियों ने अपनी जमानत नहीं कराई थी। कोर्ट के लगातार नोटिस जारी किए जाने के बावजूद भी आरोपी कोर्ट में पेश नहीं हो रहे थे। आरोपियों द्वारा कोर्ट में पेश ना होने पर कोर्ट ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अरेस्ट वारंट जारी किए थे। वहीं अरेस्ट वारंट जारी होने के बाद संभल सदर कोतवाली पुलिस ने बीते शनिवार को  3 आरोपियों शकील उर रहमान, नूर खा और जुल्फिकार को एस सी, एस टी एक्ट के तहत गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई के बाद जेल भेज दिया गया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static