'पहले शादी का वादा, फिर संबंध और अब दूरी'... शमी के भाई मोहम्मद कैफ पर रे/प की FIR दर्ज

punjabkesari.in Tuesday, Sep 15, 2026 - 06:56 AM (IST)

Lucknow News: भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार गेंदबाज मोहम्मद शमी के भाई और रणजी खिलाड़ी मोहम्मद कैफ कानूनी पचड़े में फंस गए हैं। लखनऊ के आशियाना थाने में उनके खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया है। वहीं, शमी के बड़े भाई मोहम्मद हसीब पर पीड़िता को जान से मारने की धमकी देने के आरोप में एफआईआर दर्ज की गई है। पीड़ित महिला, जो एक एयरलाइंस में केबिन क्रू के पद पर कार्यरत थी, का आरोप है कि कैफ ने शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए और बाद में अपने वादे से मुकर गए।

शिकायत के अनुसार, महिला और कैफ की मुलाकात साल 2020 में गाजियाबाद में एक कॉमन फ्रेंड के जरिए हुई थी। धीरे-धीरे दोनों में दोस्ती गहरी हो गई। महिला का कहना है कि अगस्त 2023 में कैफ ने उसके सामने शादी का प्रस्ताव रखा। महिला ने जब उन्हें बताया कि वह पहले से तलाकशुदा है और उसका एक बेटा भी है, तो कैफ ने इस पर कोई आपत्ति न जताते हुए शादी करने का पूरा भरोसा दिया।

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि 9 सितंबर 2023 को कैफ ने उसे कोलकाता के एक होटल में बुलाया, जहां शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए गए। महिला का यह भी आरोप है कि कैफ को उसकी एयरलाइंस वाली नौकरी पसंद नहीं थी और दबाव बनाकर उसकी नौकरी भी छुड़वा दी गई। इसके बाद जब भी शादी की बात होती, तो कैफ आईपीएल ऑक्शन के बाद निकाह करने की बात कहकर टालते रहे। ऑक्शन खत्म होने के बाद उन्होंने पीड़िता से दूरी बनानी शुरू कर दी। मामला सुलझाने के लिए जब महिला ने परिवार से संपर्क साधा, तो उसे 19 मई को अमरोहा बुलाया गया। महिला का आरोप है कि वहां कैफ के बड़े भाई मोहम्मद हसीब ने उसके साथ बदसलूकी की और जान से मारने की धमकी देकर भगा दिया।

पीड़िता के मुताबिक, उसने सबसे पहले 31 अगस्त को आशियाना थाने में लिखित शिकायत दी थी और बाद में डीसीपी से भी गुहार लगाई, लेकिन शुरुआत में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। रविवार को जब पीड़िता की शिकायत सोशल मीडिया पर वायरल हुई, तो पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। इसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों के हस्तक्षेप पर एफआईआर दर्ज की गई। डीसीपी सेंट्रल विक्रांत वीर ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पीड़िता की तहरीर पर मोहम्मद कैफ और मोहम्मद हसीब के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस फिलहाल पूरे मामले की कानूनी जांच कर रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static