बरेली में आइसक्रीम कंपनी के गोदाम में लगी आग, 25 लाख रुपये का नुकसान
punjabkesari.in Saturday, Sep 12, 2026 - 07:44 PM (IST)
बरेलीः उत्तर प्रदेश के बरेली जिले स्थित परसाखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र में शनिवार को आइसक्रीम की एक कंपनी के गोदाम में शॉर्ट सर्किट से आग लगने से करीब 25 लाख रुपये का सामान जलकर खाक हो गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, धुआं और लपटें उठती देख गोदाम में मौजूद कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन की टीमें मौके पर पहुंचीं तथा कई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। पुलिस के मुताबिक, घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। अधिकारियों ने बताया कि परसाखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र में वाडीलाल आइसक्रीम कंपनी ने रोड नंबर एक पर एक गोदाम किराये पर ले रखा है, जहां आइसक्रीम के कोन और कंपनी से संबंधित अन्य सामग्री रखी जाती है। उन्होंने बताया कि कोन गले नहीं इसके लिए गोदाम में गर्म हवा देने वाली मशीन भी लगी हुई है।
कंपनी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब नौ बजे अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ, जिसके बाद आग भड़क उठी और आग के तेजी से फैलने के कारण गोदाम का बड़ा हिस्सा इसकी चपेट में आ गया। कंपनी के मानव संसाधन (एचआर) प्रबंधक दिनेश सिंह ने बताया कि आग में करीब 25 लाख रुपये का सामान जलने का अनुमान है। उन्होंने बताया कि नुकसान का विस्तृत आकलन किया जा रहा है। मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) मनु शर्मा ने बताया कि वाडीलाल के परिसर में आग लगने की यह पहली घटना नहीं है।
उन्होंने बताया कि इससे पहले भी वर्ष 2023 में भी यहां आग लगी थी। अधिकारी ने बताया कि इस घटना ने औद्योगिक परिसर में सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े किए हैं। शर्मा ने बताया कि इस बार दमकल की टीम समय रहते पहुंच गई, जिससे आग को आसपास के क्षेत्र में फैलने से रोक लिया गया।

