यूपी में कोहरा-शीतलहर का डबल अटैक! अगले 4 दिन तक सफेद चादर में जकड़ा रहेगा प्रदेश, IMD के अलर्ट से हड़कंप
punjabkesari.in Tuesday, Jan 06, 2026 - 06:39 AM (IST)
UP Weather News: उत्तर प्रदेश के लोगों को फिलहाल घने कोहरे से राहत मिलती नहीं दिख रही है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक प्रदेश में अगले 3 से 4 दिनों तक कोहरे का असर जारी रहेगा। इस दौरान कहीं मध्यम तो कहीं घना कोहरा छाया रहने का अनुमान है। हालांकि राहत की खबर यह है कि अगले 48 घंटों में हाड़ कंपाने वाली ठंड से थोड़ी राहत मिल सकती है। अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी के संकेत हैं, लेकिन न्यूनतम तापमान लगभग स्थिर बना रहेगा।
कई जिलों में येलो अलर्ट जारी
लखनऊ के अमौसी स्थित आंचलिक मौसम केंद्र के अनुसार 6 जनवरी को पूर्वी और पश्चिमी यूपी के कई जिलों में सुबह के समय घना कोहरा देखने को मिलेगा। इसे लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। मंगलवार को बरेली से देवरिया और वाराणसी से झांसी तक सुबह और देर रात के समय कोहरा छाया रहेगा। हालांकि प्रदेश के 25 से अधिक जिलों में दिन में धूप खिलने की संभावना है, लेकिन शाम होते ही ठंडी और बर्फीली हवाएं लोगों को कंपकंपाने पर मजबूर कर देंगी।
अयोध्या से झांसी तक कोहरे का असर
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार आज बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बहराइच, गोंडा, श्रावस्ती, अयोध्या, अंबेडकर नगर, बस्ती, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, महराजगंज, गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, प्रयागराज, चित्रकूट, वाराणसी, मिर्जापुर, जौनपुर, चंदौली, सोनभद्र, बांदा, झांसी, महोबा, हमीरपुर और ललितपुर में घने से बहुत घने कोहरे की संभावना है। इन जिलों में 300 से 600 मीटर तक दृश्यता रहने का अनुमान है, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित हो सकता है। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है।
लखनऊ और नोएडा का हाल
राजधानी लखनऊ में मंगलवार की सुबह कोहरे के साथ होगी। यहां भी येलो अलर्ट जारी किया गया है।
न्यूनतम तापमान: करीब 9 डिग्री सेल्सियस
अधिकतम तापमान: करीब 20 डिग्री सेल्सियस
वहीं दिल्ली से सटे नोएडा में भी सुबह के समय कहीं-कहीं हल्का कोहरा देखने को मिल सकता है। हालांकि जैसे-जैसे दिन चढ़ेगा, मौसम साफ होता जाएगा।
ठंड से मिलेगी थोड़ी राहत
बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज कुमार श्रीवास्तव के अनुसार, अगले 48 घंटों में अधिकतम तापमान में 4 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है। इससे दिन की कड़ाके की ठंड से कुछ राहत मिलेगी। हालांकि न्यूनतम तापमान में अगले 5 दिनों तक खास बदलाव नहीं होने की संभावना है।
इटावा रहा सबसे ठंडा
मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक बीते 24 घंटों में इटावा प्रदेश का सबसे ठंडा जिला रहा, जहां न्यूनतम तापमान 2.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। कई जिलों में शीत दिवस की स्थिति रही और जीरो विजिबिलिटी वाला घना कोहरा भी देखने को मिला।

