UP में रफ्तार का कहर! कार ने दो बाइकों को रौंदा, 4 युवकों की दर्दनाक मौत, दो अन्य घायल

punjabkesari.in Tuesday, Apr 28, 2026 - 11:36 AM (IST)

लखीमपुर खीरी : यूपी के लखीमपुर खीरी जिले में तेज रफ्तार कार ने दो मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। जिससे चार युवकों की मौत हो गई तथा कार चालक सहित दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार हादसा सोमवार देर रात फरधान थाना क्षेत्र में लखीमपुर-मैगलगंज मार्ग पर लखनापुर चौराहे के पास हुआ जब एक तेज रफ्तार कार ने दो मोटरसाइकिल को सामने से टक्कर मार दी। 

थाना प्रभारी प्रभारी राजू राव ने बताया कि हादसे में मोटरसाइकिल सवार चार लोगों की मौत हो गई और दो अन्य लोग घायल हो गए। उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान नीमगांव थाना क्षेत्र के निवासी आदर्श (28), अनुज कुमार (35), हरि किशन (40) और हितेश शुक्ला (42) के रूप में हुई है जो आपस में रिश्तेदार थे। उन्होंने बताया कि हादसे में घायल कार चालक भानु प्रताप (30) और मोटरसाइकिल सवार शिवेंद्र (30) को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 

थाना प्रभारी ने बताया कि आदर्श व अनुज कुमार एक मोटरसाइकिल पर थे, जबकि हरि किशन, हितेश शुक्ला व शिवेंद्र दूसरी मोटरसाइकिल पर सवार थे। उन्होंने बताया कि ये सभी पांचों युवक एक शादी समारोह में शामिल होकर देर रात मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे तभी यह हादसा हुआ। पुलिस ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Purnima Singh

Related News

static