यमुना के पानी से गंगा नदी में उफान, प्रति घंटे तीन सेमी बढ़ रहा जलस्तर
punjabkesari.in Sunday, Sep 07, 2025 - 03:20 PM (IST)

भदोही: पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही घनघोर बारिश व बांध से पानी छोड़े जाने के कारण यमुना नदी पूरी तरह उफान पर है। यमुना के पानी से गंगा नदी में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। इसी कारण से उत्तर प्रदेश के भदोही में गंगा का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। केंद्रीय जल आयोग सीतामढ़ी से प्राप्त जानकारी के अनुसार, लगातार बारिश होने से भदोही में गंगा का जलस्तर तेजी बढ़ रहा है। इससे तटवर्ती इलाके के निवासी भी सहमें हुए हैं।
डेढ़ से दो सेमी प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ रहा जलस्तर
गंगा का जलस्तर बढ़ने के कारण कोनिया क्षेत्र के खेत जलमग्न हो गए हैं। शनिवार देर रात को गंगा का पानी डेढ़ से दो सेमी प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ रहा था जबकि रविवार की सुबह को तीन सेमी की रफ्तार से बढ़ाव देखा गया। आगामी दिनों में इसमें वृद्धि के कयास लगाए जा रहे हैं।
बाढ़ जैसे बने हालात
आयोग के अनुसार, मंगलवार की रात से गंगा नदी का जलस्तर स्थिर था लेकिन गुरुवार की रात से लगातार बढ़ रहा है। बताया जाता है कि पंजाब एवं हरियाणा बाढ़ का पानी यमुना नदी से होकर गंगा में पहुंच रहा है। जिले में चेतावनी बिन्दु 80.20 मीटर है जबकि खतरे का बिन्दु 81.20 मीटर। वर्तमान जलस्तर 76.93 मीटर दर्ज किया गया। पड़ोसी राज्यों हरियाणा, दिल्ली और पंजाब में आफत की बरसात हुई है। वहां का पानी यमुना नदी के जरिए प्रयागराज तक आ पहुंचा है। वहां से गंगा नदी में मिलने के बाद जिले में उसका प्रवेश इन दिनों नजर आ रहा है। बाढ़ को लेकर डीएम के निर्देश पर अफसर एवं कर्मी मुस्तैद नजर आ रहे हैं।