प्रेमिका ने शादी का बनाया दबाव तो प्रेमी ने हत्या कर घर में दफनाया शव, दो साल बाद निकाला तो मिला कंकाल

punjabkesari.in Sunday, Oct 09, 2022 - 01:19 PM (IST)

फिरोजाबादः उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां पर एक प्रेमी ने शादी से दबाव बनाने पर अपनी प्रेमिका की हत्या कर दी। जिसके बाद उसने शव को घर के अंदर ही दफना दिया। हत्या के बाद से आरोपी अपने परिवार के साथ फरार हो गया था। जब इस घटना की जानकारी मृतका के परिजनों को हुई तो परिवारजनों में कोहराम मच गया। वहीं, जब इस घटना की जानकारी पुलिस को हुई तो पुलिस ने मामला दर्ज कर शव को निकाला और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

PunjabKesari

बता दें कि यह घटना जिले के सिरसागंज थाना क्षेत्र के गांव कीठौत की है। यहां पर रहने वाली खुशबू और गौरव के आवास हैं। दोनों लोगों के घरों के बीच सिर्फ चार घरों का फासला है। दोनों ही परिवार एक ही जाति के हैं। इसलिए दोनों का एक दूसरे के यहां आना जाना था। पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि खुशबू की मां ने खुशबू को बाइक सिखाने के लिए कहा था। खुशबू को बाइक चलाना सिखाने के दौरान दोनों की बीच दोस्ती हो गई थी। इस बीच दोनों का मिलना जुलना भी शुरू हो गया, लेकिन युवती के परिजन को दोनों के बीच चल रहे प्रेम प्रसंग की जानकारी नहीं थी। दो साल चले प्रेम प्रसंग के बीच युवती गौरव पर शादी करने और उसे अपने साथ ही रखने के लिए दबाव बनाने लगी। लेकिन गौरव उससे दूरी बनाना चाहता था। जिसके चलते गौरव ने उसकी हत्या की योजना बनाई।

PunjabKesari

हत्या कर घर में ही दफनाया शव
इस मामला में जांच कर रहे थानाध्यक्ष सिरसागंज उदयवीर सिंह मलिक का कहना है कि, 20 नवंबर 2020 को खुशबू अपने घर से भाग कर गौरव के यहां पहुंची थी। वह गौरव पर साथ ले जाने के लिए दबाव बना रही थी। तभी गौरव ने उसकी हत्या कर दी और शव को घर के अंदर ही दफना दिया। इसके बाद गौरव अपनी मां पिता, दो भाईयों के साथ फरार हो गया। सभी लोग गुरुग्राम जाकर रहने लगे। गौरव को मुखबिर की सूचना पर हिरासत में लिया गया। वहीं, इस मामले में एसपी देहात कुमार रणविजय सिंह का कहना है कि खुशबू कक्षा आठ तक पढ़ी थी। वहीं गौरव इंटर कर चुका है। पिछले दो साल से आरोपी के घर ताला पड़ा था।

PunjabKesari

पुलिस ने खुदाई कराकर अस्थियां निकाली बाहर
पुलिस ने जब आरोपी को गिरफ्तार किया तो उससे पूछताछ कर शव का पता लगाया। शव का पता चलने पर सीओ सिरसागंज अनिवेश सिंह, थाना प्रभारी उदयवीर मलिक, तहसीलदार लालता प्रसाद ने गौरव के कमरे की खुदाई कराई। खुदाई के दौरान खुशबू की अस्थियां निकलना शुरू हो गई थी, जिन्हे पुलिस और प्रशासन की निगरानी में जब्त कर जांच के लिए भेज दिया गया। गौरव के मकान को सील कर दिया गया। पुलिस का कहना है कि, आरोपी के साथ-साथ उसके परिजनों पर भी सख्त कार्रवाई की जाएगी और जेल भेजा जाएंगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pooja Gill

Recommended News

Related News

static