Gorakhpur: जनता दर्शन में बोले CM योगी- लोगों की समस्याओं पर ध्यान दें अधिकारी...जल्द कराएं समाधान
punjabkesari.in Monday, Mar 13, 2023 - 02:16 PM (IST)

गोरखपुर: उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के गोरखपुर (Gorakhpur) पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi Adityanath) ने गोरखनाथ मंदिर में सोमवार सुबह आयोजित जनता दर्शन किया। इस दौरान उन्होंने आश्वस्त किया कि वह उनके साथ हैं। उन्होंने कहा कि किसी को भी चिंता करने की आवश्यकता नहीं है, सबकी समस्या का समाधान हर हाल में किया जाएगा। वहीं, सीएम ने मौके पर मौजूद प्रशासन व पुलिस के अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता की समस्याओं पर संवेदनशीलता से ध्यान दें और उनका संतुष्टिपरक समाधान कराएं। उन्होंने कहा कि जरूरतमंदों को शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया जाएं।
CM ने अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के दिए निर्देश
मुख्यमंत्री योगी ने दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर जनता दर्शन में करीब 400 लोगों से मुलाकात की। कुर्सियों पर बैठाए गए लोगों तक खुद पहुंचे और समस्या सुनते हुए उनके प्रार्थना पत्र लिए। उनकी बात इत्मीनान से सुनने के बाद पास में खड़े अधिकारियों को समस्या समाधान हेतु आवश्यक दिशा निर्देश दिए। अलग-अलग मामलों से जुड़े समस्याओं के निस्तारण के लिए उन्होंने संबंधित प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों को प्रार्थना पत्र संदर्भित कर निर्देशित किया कि सभी समस्याओं का निस्तारण समयबद्ध, निष्पक्ष और सन्तुष्टिपरक होना चाहिए। अपराध से संबंधी शिकायतों पर सीएम ने पुलिस अधिकारियों को अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
धन के अभाव में किसी का इलाज नहीं रुकेगा- CM
जनता दर्शन में गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए आर्थिक मदद की गुहार लेकर आए लोगों से मुख्यमंत्री ने कहा कि, धन के अभाव में किसी का इलाज नहीं रुकेगा। उन्होंने निर्देश दिया कि जो भी जरूरतमंद हैं, प्रशासन उनके उच्च स्तरीय इलाज का एस्टीमेट शीघ्रता से बनवाकर उपलब्ध कराए। इस्टीमेट मिलते ही सरकार तुरंत धन उपलब्ध कराएगी। जन स्वास्थ्य की रक्षा सरकार की प्राथमिकता है। जनता दर्शन में लोगों से मिलने के पूर्व उन्होंने गुरु गोरखनाथ का दर्शन, पूजन करने के साथ ही अपने गुरुदेव ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ का आशीर्वाद लिया।