किसानों के बकाए का पूरा भुगतान कराएगी सरकार: CM योगी आदित्यनाथ

punjabkesari.in Monday, Oct 31, 2022 - 06:47 PM (IST)

लखीमपुर खीरी: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के किसानों को खासकर गन्ना किसानों को उनके बकाये का एक एक पैसा वापस दिलाने का भरोसा दिलाते हुए सोमवार को कहा कि उनकी सरकार किसान कल्याण के लिये प्रतिबद्ध है। लखीमपुर खीरी की गोला गोकर्णनाथ विधान सभा सीट पर हो रहे उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रत्याशी अमन गिरि के प्रचार में जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि सरकार हर हाल में गन्ना किसानों की पाई पाई का भुगतान करा कर ही रहेगी। इसमें कोताही या भष्टाचार करने वालों का इंतजार जेल की सलाखें कर रही हैं।

गौरतलब है कि इस सीट से भाजपा के विधायक अरविंद गिरी के निधन के कारण यह सीट रिक्त होने के बाद उपचुनाव हो रहा है। इसमें भाजपा ने गिरि के पुत्र अमन गिरी को उम्मीदवार बनाया है। रैली में योगी ने जनता से अमन गिरि को जिताने की अपील की। इस दौरान उन्होंने मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी (सपा) पर जमकर निशाना साधा। योगी ने कहा कि चुनाव से पहले ही सपा हार के डर से बौखला गयी है। सपा नेता हार के लिए अलग अलग बहाने ढूंढ रहे हैं। उन्होंने कहा कि विपक्षी नेता सोशल मीडिया पर अभी से हार की भाषा बोल रहे हैं। वे पहले ईवीएम को दोषी ठहराते थे, अब कह रहे हैं कि यहां जबरदस्ती चुनाव जीता जा रहा है। मगर, चुनाव जबरदस्ती नहीं बल्कि मतदाताओं के आशीर्वाद से जीता जाता है। जो मतदाताओं के उम्मीदों पर खरा उतरेगा वह ही जीतेगा।        

मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन की सरकार में आज बिना किसी भेदभाव के चहुंमुखी विकास हो रहा है। आज यहां मेडिकल कॉलेज बन रहा है। इसके बाद उपचार के लिए जनता को लखनऊ या दिल्ली नहीं जाना होगा। उन्हें यहीं पर स्वास्थ्य की उत्तम व्यवस्था मिलेगी। इसके अलावा मेडिकल की पढ़ाई की शुरुआत होगी। डबल इंजन की सरकार में लखीमपुर जिले में गरीबों को आवास, शौचालय, पटरी व्यवसायियों को पीएम स्वनिधि योजना का लाभ मिल रहा है। इसके अलावा गांवों और मजरों का विद्युतीकरण किया जा रहा है और गरीबों को मुफ्त में बिजली का कनेक्शन दिया जा रहा है। 
 

Content Writer

Tamanna Bhardwaj