पल भर में मातम में बदली खुशियां! विवाह समारोह में करंट लगने से 3 लोगों की मौत

punjabkesari.in Wednesday, May 19, 2021 - 06:46 PM (IST)

बहराइचः बहराइच जिले के पयागपुर क्षेत्र में बुधवार को शादी समारोह के लिए बनाए जा रहे पंडाल के एक पाइप के जरिए करंट लगने से तीन लोगों की मौत हो गई तथा दो अन्य घायल हो गए। पुलिस अधीक्षक सुजाता सिंह ने बताया कि हसुआपारा गांव में प्रमोद शुक्ला नामक व्यक्ति की बेटी की शादी थी और आज शाम को बारात आनी थी।

दुल्हन के कुछ रिश्तेदार शादी और टेंट इत्यादि का इंतजाम देख रहे थे। सुबह मौसम खराब होने के कारण टेंट का स्थान बदला जा रहा था। इसी बीच टेंट का एक पाइप पंडाल के ऊपर से गुजर रहे उच्च शक्ति विद्युत प्रवाहित तार से छू गया, जिसके कारण पांच लोगों को करंट लग गया।

उन्होंने बताया कि सभी को स्थानीय चिकित्सक के पास ले जाया गया जहां दुल्हन के मामा राजकुमार मिश्र (50) और अमरेंद्र मिश्र (30) तथा एक अन्य रिश्तेदार कंटू तिवारी (32) को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस हादसे में दो अन्य रिश्तेदार भी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आवश्यक कार्यवाही की है। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tamanna Bhardwaj

Recommended News

Related News

static