UP में बरस रही आग! भारत का सबसे गर्म शहर बना प्रयागराज, पारा 45 डिग्री के पार, कई जिलों में आज भी लू का अलर्ट

punjabkesari.in Saturday, Apr 25, 2026 - 02:15 PM (IST)

लखनऊ : उत्तर प्रदेश में गर्मी का प्रकोप जारी है और शुक्रवार को कई स्थानों पर पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। राजधानी लखनऊ में अधिकतम तापमान 42.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के सामान्य तापमान से 3.4 डिग्री अधिक है। मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक प्रयागराज राज्य का सबसे गर्म जिला रहा, जहां पारा 45.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो सामान्य से 4.6 डिग्री अधिक था। इसके बाद वाराणसी (44.3 डिग्री सेल्सियस), बांदा (44.2 डिग्री सेल्सियस) और आगरा (44 डिग्री सेल्सियस) का स्थान रहा। 

मौसम विभाग के मुताबिक राज्य की राजधानी लखनऊ में न्यूनतम तापमान 22.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। नजीबाबाद (39 डिग्री सेल्सियस) और मुजफ्फरनगर (39.8 डिग्री सेल्सियस) को छोड़कर, राज्य के अन्य स्थानों में दिन का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया। 

वहीं शनिवार को लखनऊ और उसके आसपास के इलाकों में आसमान साफ ​​रहने का पूर्वानुमान लगाया है। मौसम विभाग के मुताबिक शनिवार को अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 43 और 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है, साथ ही कई इलाके 'लू' की चपेट में रहेंगे। इसके मुताबिक राज्य में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ स्थानों पर और पूर्वांचल के कुछ हिस्सों में दिन के समय लू चलने की प्रबल संभावना है, जबकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर रात गर्म रहने का पूर्वानुमान है। 


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Purnima Singh

Related News

static