Heavy rain warning: यूपी में अगले 24 घंटे भारी; आंधी तफूान, बारिश...वज्रपात और ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी

punjabkesari.in Tuesday, Mar 31, 2026 - 09:54 AM (IST)

Up Weather Update: उत्तर प्रदेश में एक बार फिर मौसम में तेजी से बदलाव आ रहा है। मौसम विभाग ने प्रदेश में मेघगर्जन, वज्रपात, तेज झोंकेदार हवाओं और ओलावृष्टि के मद्देनजर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से प्रदेश में 29 मार्च से शुरू हुआ बारिश का दौर एक अप्रैल तक जारी रहने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है। 

इन जिलों में अलर्ट 
आज 31 मार्च को प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश, तेज हवाएं (30-40 किमी/घंटा, झोंकों में 50 किमी/घंटा तक) और कहीं-कहीं ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। विशेष रूप से पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सहारनपुर, मेरठ, बागपत, मथुरा, आगरा, अलीगढ़, इटावा, जालौन, झांसी समेत कई जिलों में ओलावृष्टि और तेज हवाओं का खतरा अधिक बताया गया है। 

कई जिलों में गिरेगी बिजली 
वहीं प्रदेश के कई हिस्सों में आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका है। मौसम विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह देते हुए कहा है कि खराब मौसम के दौरान घरों में रहें, बिजली उपकरणों को अनप्लग करें और अनावश्यक यात्रा से बचें। पेड़ों के नीचे शरण न लेने तथा खुले स्थानों से दूर रहने की भी सलाह दी गई है। कृषि क्षेत्र के लिए भी चेतावनी जारी करते हुए किसानों को पकी फसलों की जल्द कटाई करने और उन्हें सुरक्षित स्थान पर रखने की सलाह दी गई है, क्योंकि ओलावृष्टि और तेज हवाओं से फसलों को नुकसान हो सकता है।

अगले 24 घंटे में प्रदेश में बारिश के आसार 
प्रदेश के आगरा और अलीगढ़ जिलों में सोमवार को कुछ स्थानों पर हल्की बारिश दर्ज की गई, जबकि राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क बना रहा। मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान बांदा प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 41.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रयागराज में अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस रहा। राजधानी लखनऊ में अधिकतम तापमान 37.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों के दौरान राज्य के कुछ स्थानों पर बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने के आसार हैं। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pooja Gill

Related News

static