ट्राले से टकराई तेज रफ्तार पिकअप: पलवल में UP के 6 श्रद्धालुओं की मौत, CM योगी ने घटना पर जताया दुख

punjabkesari.in Tuesday, Sep 01, 2026 - 05:24 PM (IST)

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को हरियाणा के पलवल में हुए सड़क हादसे में उत्तर प्रदेश के तीर्थयात्रियों की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया। योगी आदित्यनाथ ने अपने आधिकारिक 'एक्स' अकाउंट पर एक पोस्ट में कहा, ''हरियाणा के पलवल में सड़क दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत दुखद है। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं।

घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य होनी की कामना की 
मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने संबंधित अधिकारियों को हरियाणा सरकार के साथ समन्वय स्थापित कर हादसे में जान गंवाने वाले उत्तर प्रदेश के नागरिकों के पार्थिव शरीर उनके गृह जनपद पहुंचाकर परिजनों को सौंपने तथा घायलों के समुचित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा, ''प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को सद्गति एवं शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुख सहन करने की शक्ति तथा घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।

खाटू श्याम का दर्शन करके लौट रहे थे श्रद्धालु
पुलिस के अनुसार, हरियाणा में मंगलवार को कुंडली-मानेसर-पलवल एक्सप्रेसवे पर एक पिकअप वाहन सड़क पर खड़े एक ट्रक से टकरा गया। हादसे में छह तीर्थयात्रियों की मौत हो गई और 14 अन्य घायल हो गए। पिकअप वाहन में सवार लोग राजस्थान के खाटू श्याम मंदिर और राज्य के अन्य धार्मिक स्थलों के दर्शन कर लौट रहे थे। इस हादसे में मारे गए और घायल हुए सभी लोग उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले के रहने वाले थे। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramkesh

Related News

static