24 मई का इतिहासः 1920 में आज के ही दिन हुई थी अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय की स्थापना

punjabkesari.in Monday, May 24, 2021 - 12:27 PM (IST)

अलीगढ़ः देश के प्रमुख शिक्षण केंद्रों में से एक अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के लिए 24 मई के दिन का खास महत्व है। दरअसल 1920 में इसी दिन इस शिक्षण संस्थान की स्थापना की गयी थी। अपने समय के महान समाज सुधारक सर सैयद अहमद खान ने मुसलमानों को आधुनिक शिक्षा प्रदान करने की जरूरत को महसूस करते हुए 1877 में एक स्कूल की स्थापना की थी जो बाद में मुस्लिम एंग्लो ओरिएंटल कालेज बना। यही कॉलेज आगे जाकर 1920 में अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय बना। यह आजादी के बाद देश के चार केन्द्रीय विश्वविद्यालयों में से एक था। 

विश्वविद्यालय के इतिहास पर नजर डालें तो पता चलता है कि 1857 की क्रांति ने सर सैयद अहमद खान पर गहरा असर डाला था और उनके परिवार के लोग भी अंग्रेजों की गोलियों का शिकार हुए थे। सर खान एक पढ़े लिखे और ज़हीन इनसान थे लिहाजा उन्होंने आधुनिक शिक्षा को हथियार बनाकर अंग्रेजों को सबक सिखाने की ठान ली। वह ईस्ट इंडिया कंपनी में शामिल हुए और आधुनिक शिक्षा के बारे में ज्यादा से ज्यादा जानकारी हासिल करने के इरादे से 1870 में इंग्लैंड गए।

वहां उन्होंने ऑक्सफर्ड और कैंब्रिज जैसे विश्वप्रसिद्ध संस्थानों का दौरा किया और भारत में भी आधुनिक शिक्षा का उजाला फैलाने का सपना देखा। उन्होंने वापस आकर अलीगढ़ में मात्र सात छात्रों के साथ एक मदरसे की स्थापना की। धीरे धीरे छात्रों की संख्या बढ़ने लगी और 1877 में इसका विस्तार करते हुए ऐंग्लो ओरिएंटल कॉलेज की शुरुआत की गई। यही कॉलेज 1920 में अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय बना जो दुनियाभर में एक प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान के तौर पर प्रसिद्ध है। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tamanna Bhardwaj

Recommended News

Related News

static