Weather: यूपी में ‘मोन्था’ का असर, तेज हवा और बेमौसम बारिश से ठिठुरन बढ़ी…31 जिलों में अलर्ट जारी
punjabkesari.in Thursday, Oct 30, 2025 - 02:00 PM (IST)
Weather: बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान मोन्था का असर अब उत्तर प्रदेश तक पहुंच गया है। इसके चलते प्रदेश के कई हिस्सों में बेमौसम बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि 30 और 31 अक्तूबर तक वाराणसी, मिर्जापुर मंडल समेत पूर्वांचल के कई जिलों में भारी बारिश की संभावना है। वहीं, 31 जिलों में गरज-चमक के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने का अलर्ट भी जारी किया गया है।
बिजली गिरने की चेतावनी, तापमान 10 डिग्री तक गिरा | UP Weather Update
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, पूर्वी उत्तर प्रदेश में कई जगहों पर गरज के साथ बारिश और बिजली गिरने की संभावना बनी हुई है। बारिश के चलते राज्य के अधिकांश इलाकों में दिन के तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। इटावा में अधिकतम तापमान 20°C और हरदोई में 21°C दर्ज किया गया — जो सामान्य से करीब 10 डिग्री कम है।
लखनऊ में टूटा तीन साल का रिकॉर्ड, बढ़ी ठंडक | AAj ka Weather
राजधानी लखनऊ में रातभर चली तेज हवाओं और बारिश के कारण मौसम में ठंडक बढ़ गई है। मंगलवार को शहर का अधिकतम तापमान 25.4°C रिकॉर्ड किया गया, जो अक्टूबर महीने में पिछले तीन वर्षों का नया रिकॉर्ड है। इससे पहले 2024 में 31.2°C, 2023 में 27.7°C और 2022 में 24.3°C दर्ज किया गया था।
अगले दो दिन तक बादल और ठंडी हवा का असर जारी रहेगा | Today Weather News
मौसम विभाग ने बताया कि अगले 48 घंटों तक आसमान में बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश जारी रह सकती है। दिन और रात के तापमान क्रमशः 30°C और 20°C के आसपास रहने की संभावना है।
प्रदेशभर में तापमान में गिरावट| Weather Update
बहराइच में अधिकतम तापमान 21.6°C, फतेहगढ़ में 22.5°C, शाहजहाँपुर में 23°C और झांसी में 23°C दर्ज किया गया।
कैसे बढ़ा खतरा| UP Weather Update
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना मोन्था चक्रवात मंगलवार सुबह एक भीषण चक्रवाती तूफान में बदल गया। आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों को पार करने के बाद यह अब कमजोर पड़ते हुए उत्तर-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ रहा है। इसके प्रभाव से 29 से 31 अक्तूबर तक पूर्वोत्तर और पूर्वी उत्तर प्रदेश में तेज बारिश और हवाएं चलने की संभावना है।

