चुपके से दूसरी शादी रचा रहा था पति, पुलिस के साथ पहुंची पत्नी ने कराया गिरफ्तार

punjabkesari.in Wednesday, Jul 15, 2020 - 12:56 PM (IST)

बुलंदशहर: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में एक शादी शुदा युवक द्वारा दूसरा निकाह पढ़वाने के दौरान उसकी पत्नी पुलिस के साथ निकाह स्थल पर पहुंच गई और पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले कर हवालात में डाल दिया। पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा पंजीकृत कर लिया है।

पुलिस प्रवक्ता ने बुधवार को यहां कहा कि मेरठ निवासी आदिल का मंगलवार की रात जिले के स्याना में निकाह होना था। काजी भी आ चुका था। निकाह की रस्म पूरी हो रही थी। तभी आदिल की पत्नी रुबीना को पति की दूसरी शादी की जानकारी हो गई। रुबीना अपने परिवार के लोगों के साथ गाजियाबाद के कैला भट्टा से कोतवाली स्याना पहुंच गई और पुलिस से शादी रुकवाने की गुहार लगाई। पुलिस मौके पर पहुंची और शादी रोक दी। दुल्हा बने आदिल को पुलिस हिरासत में लेकर कोतवाली ले आई और पत्नी द्वारा दी गई तहरीर पर पुलिस उसके विरूद्ध मुकदमा दर्ज कर हवालात में बंद कर दिया।

पीड़िता ने पुलिस में दर्ज शिकायत में कहा कि उसका निकाह साढ़े 7 साल पहले आदिल के साथ हुआ था। शादी के कुछ दिन बाद दोनों में विवाद हो गया। उसके बाद से वो अपने मायके में ही रह रही है। उसे जानकारी मिली कि पति शादी करने जा रहा है। पीड़िता ने ये बात अपने परिजनों को बताई और अपने बच्चे के साथ स्याना कोतवाली पहुंच गई।

पीड़िता का आरोप है कि जब उसे तलाक नहीं दिया गया तो उससे कोई रिश्ता खत्म नहीं हुआ है । पति आखिर किस आधार पर दूसरी शादी करने चला था। पुलिस ने बताया कि पीड़िता का कहना है कि सात साल का उसका एक बेटा भी है और पति अलग रहता है। वह कोई खर्चा भी नहीं देता है। पुलिस का कहना है कि मियां-बीबी का कोर्ट में केस भी चल रहा है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Ajay kumar

Recommended News

Related News

static