पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर IAF का दमखम, सुखोई-मिराज की गर्जना से कांपा आसमान, रात में भी दिखेगा महापराक्रम

punjabkesari.in Wednesday, Apr 22, 2026 - 04:04 PM (IST)

सुलतानपुर : वायुसेना का लड़ाकू विमानों का दो दिवसीय अभ्यास बुधवार को सुलतानपुर जिले में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर एक आपातकालीन हवाई पट्टी पर शुरू हुआ, जिसके मद्देनजर अधिकारियों ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम करने के साथ ही यातायात प्रतिबंध लगाए हैं। अधिकारियों के अनुसार, यह अभ्यास अरवल-किरी करवत हवाई पट्टी पर किया जा रहा है, जहां आपात स्थिति के दौरान एक्सप्रेस-वे का उपयोग वैकल्पिक रनवे के रूप में करने की तैयारी के तहत लड़ाकू विमान "टच-एंड-गो" ऑपरेशन संचालित कर रहे हैं। 

उन्होंने कहा कि अभ्यास के दौरान विमानों की आवाजाही के प्रबंधन के लिए एक्सप्रेस-वे के पास एक हवाई यातायात नियंत्रण प्रणाली भी स्थापित की गई है। स्थानीय प्रशासन ने इससे पहले हवाई पट्टी के आसपास सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी थी और निवासियों से इससे सुरक्षित दूरी बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान देने से बचने की अपील की थी। इस अभ्यास से क्षेत्र में उत्साह भी पैदा हुआ है क्योंकि लोगों को लड़ाकू विमानों को करीब से देखने का मौका मिल रहा है। अधिकारियों ने कहा कि एहतियात के तौर पर एक्सप्रेस-वे के 12 किलोमीटर लंबे हिस्से पर यातायात का मार्ग एक मई तक बदल दिया गया है और अभ्यास समाप्त होने के बाद 2 मई से फिर से शुरू किया जाएगा। 

अधिकारियों ने बताया कि इसी तरह का अभ्यास पहले भी किया जा चुका है, जिसमें जून 2023 का अभ्यास भी शामिल है जब सुखोई और मिराज विमानों ने 3.2 किलोमीटर लंबी हवाई पट्टी पर 'टच-एंड-गो' ऑपरेशन किया था। नवंबर 2021 में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा एक्सप्रेस-वे के उद्घाटन के दौरान इसका का उपयोग ऐसे अभ्यास के लिए भी किया गया था, जब लड़ाकू जेट और एक हरक्यूलिस विमान इस खंड पर उतरे थे। इस बीच, बुधवार (22 अप्रैल) को पहलगाम आतंकी हमले की पहली बरसी भी है, जिसमें 26 लोगों की मृत्यु हो गई थी। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Purnima Singh

Related News

static