देर रात चीखों से दहला UP: सड़क हादसे में 3 दोस्तों की मौके पर मौ/त, CCTV फुटेज से खुलेगा राज
punjabkesari.in Thursday, Aug 06, 2026 - 01:25 PM (IST)
Auraiya News: उत्तर प्रदेश में औरैया जिले के बिधूना थाना क्षेत्र में बिधूना-ऐरवा कटरा मार्ग पर रठगांव स्थित पेट्रोल पंप के पास बीती देर रात करीब 12 बजे हुए एक सड़क हादसे में 3 युवकों की जान चली गई। तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मोटरसाइकिल सवार तीनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस सूत्रों ने गुरुवार सुबह बताया कि ऐरवा कटरा थाना क्षेत्र के गांव सराय कछवाह निवासी छोटे सिंह राजावत (24), मोनू भदौरिया (23) और हैप्पी राजावत (25) एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर बिधूना मार्ग से गुजर रहे थे। रठगांव एचपी पेट्रोल पंप के समीप सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार अनियंत्रित वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि मोटरसाइकिल पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और तीनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलने पर बिधूना थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिस प्रशासन द्वारा तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिधूना ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मामले की पुष्टि करते हुए क्षेत्राधिकारी बिधूना पी. पुनीत मिश्रा ने बताया कि टक्कर मारकर फरार हुए अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान के लिए घटनास्थल तथा आसपास के पेट्रोल पंपों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया जाएगा।

