आजाद हिंद फौज के कर्नल अमर बहादुर सिंह का निधन
punjabkesari.in Monday, Aug 21, 2017 - 05:16 PM (IST)

बरेलीः नेताजी सुभाष चन्द्र बोस के सहयोगी और आजाद हिंद फौज में कर्नल रहे स्वतंत्रता सेनानी अमर बहादुर सिंह का रविवार को उनके गांव सिरसा में निधन हो गया।
बता दें कि स्वतंत्रता सेनानी सिंह का जन्म 27 जनवरी 1915 को वाराणसी के भदोही में हुआ था। वह 1933 में आगरा में स्नातक की पढ़ाई करने के बाद ब्रिटिश इंडियन आर्मी में शामिल हुए। उन्होंने 1942 में हुए द्वितीय विश्व युद्ध में जापान की आेर से लड़ाई लड़ी।
सुभाष चन्द्र बोस नेताजी के संपर्क में आने पर उन्होंने 1945 में अंग्रेजों से बगावत करते हुए आजाद हिंद फौज का दामन थाम लिया। इस दौरान अंग्रेजों ने गिरफ्तार कर उन्हें जेल भेज दिया। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी, संतोष गंगवार ने उनके निधन पर शोक जताया है।
परिजनों ने बताया कि वह 102 वर्ष के थे। उन्होंने अपने पैतृक गांव सिरसा में अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से जिले के बहेड़ी क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। बहेड़ी के सिरसा फार्म में ही कल शाम राजकीय सम्मान व तिरंगे के साथ गार्ड ऑफ ऑनर देकर उनका अंतिम संस्कार किया गया।