''जब जाएंगे भाजपाई, तभी हटेगी महंगाई...'' सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर अखिलेश ने BJP सरकार पर साधा निशाना

punjabkesari.in Saturday, Mar 07, 2026 - 03:27 PM (IST)

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने महंगाई और एलपीजी सिलेंडर की कीमतों को लेकर केंद्र व राज्य की भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि महंगाई लगातार बढ़ती जा रही है और सरकार टैक्स बढ़ाकर लोगों पर बोझ डाल रही है। अखिलेश यादव ने कहा कि आज ही एलपीजी सिलेंडर पर करीब 60 रुपये की बढ़ोतरी कर दी गई है। सरकार का कहना है कि कुछ परिस्थितियों के कारण कीमतें बढ़ानी पड़ रही हैं और बाद में कम कर दी जाएंगी, लेकिन एक बार जो चीज महंगी हो जाती है वह दोबारा सस्ती नहीं होती। 

अखिलेश यादव ने लगाए ये आरोप 
अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि जहां-जहां भाजपा की सरकार है, वहां लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि गाड़यिों की कीमतें बढ़ने का एक बड़ा कारण भारी टैक्स है, जो कई मामलों में 50 प्रतिशत तक है। उन्होंने कहा, 'हमारी समझ में एक ही बात आती है कि जब जाएंगे भाजपाई, तभी हटेगी महंगाई।' 

'सपा की छवि खराब करने की कोशिश'
अखिलेश यादव ने भाजपा पर हमला करते हुए कहा कि भाजपा बार-बार सपा की नई-नई छवि पेश करने की कोशिश करती है। उन्होंने हाल ही में वायरल हुए 'कट्टा' वाले गीत का जिक्र करते हुए कहा कि यह सपा की छवि खराब करने की कोशिश है। उन्होंने कहा कि इस गाने के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी और यदि कार्रवाई नहीं होती है तो इसके पीछे भाजपा की भूमिका मानी जाएगी। अखिलेश ने कहा कि जिस सरकार ने प्रदेश में एक्सप्रेसवे, लोकभवन और गोमती रिवर फ्रंट जैसे बड़े विकास कार्य किए हों, उसके बारे में इस तरह के गीत बनाना गलत है। उन्होंने दावा किया कि सपा सरकार के दौरान सबसे अधिक थर्मल पावर प्लांट लगाए गए और विकास के कई बड़े काम किए गए।  
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pooja Gill

Related News

static