दरोगा ने की महिला के साथ छेड़छाड़; रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए धरने पर बैठे विधायक, अखिलेश ने भाजपा पर कसा तंज

punjabkesari.in Sunday, Mar 31, 2024 - 02:19 PM (IST)

लखीमपुर खीरी: उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में एक महिला से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। महिला के साथ एक दरोगा ने छेड़खानी की है। पीड़ित महिला गैर जनपद के भाजपा सांसद की रिश्तेदार थी। पीड़ित महिला ने आरोपी दरोगा के खिलाफ शिकायत की, लेकिन पुलिस ने यह मामला दर्ज नहीं किया। जिसके बाद काफी हंगामा हुआ और भाजपा विधायक समेत तमाम नेता धरने पर बैठ गए। फिर जाकर मामला दर्ज किया गया। इस मामले में समाजवादी प्रमुख अखिलेश यादव ने भाजपा को आड़े हाथों लिया और  भाजपा को नारी विरोधी बताया है।


अखिलेश यादव ने साधा BJP पर निशाना
अखिलेश यादव ने लिखा, '' उप्र के लखीमपुर में भाजपा सरकार की पुलिस द्वारा भाजपा सांसद के परिवार की एक नारी के साथ अभद्र छेड़छाड़ की घटना निंदनीय है। इससे नाराज होकर विधायक धरने पर बैठ गये, जिससे इस मामले की गंभीरता समझी जा सकती है। भाजपा नारी विरोधी है, जिसके हाथरस की बेटी, मणिपुर से लेकर पहलवान बहनों के साथ की गयी निर्लज्जता व कानपुर देहात की माँ-बेटी को जिंदा जलाए जाने जैसे अनगिनत दुर्भाग्यपूर्ण उदाहरण हैं। भाजपा हटाओ, नारी सम्मान बचाओ!''

 


जानें क्या था पूरा मामला
बता दें कि पीड़ित महिला के घर में किराए पर नारकोटिक्स सेल के प्रभारी दरोगा अभय मिश्रा रहता था। दरोगा शुक्रवार को देर रात नशे धुत होकर मकान मालकिन के साथ छेड़खानी करने लगा। जब महिला ने इसका विरोध किया तो गाली गलौज और मारपीट करने लगा। शोर शराबा सुनकर मोहल्ले के लोग जमा हुए तो दरोगा जान से मारने की धमकी देने लगा। इसके बाद करीब देर रात 10.30 बजे पीड़ित परिवार शिकायत लेकर कोतवाली पहुंचा तो पुलिस मामले को दर्ज करने में टालमटोल करने लगी और मामला दर्ज नहीं किया।


निलंबन की कार्रवाई के लिए लिखा पत्र
पीड़ित महिला सांसद की रिश्तेदार थी। उसके साथ छेड़खानी, अभद्रता का मामला संज्ञान में आने पर सदर विधायक योगेश वर्मा समर्थकों के साथ कोतवाली पहुंचे और दरोगा का मेडिकल कराकर मुकदमा दर्ज करने की मांग करते हुए धरने पर बैठ गए। करीब छह घंटे तक चले बवाल के बाद कोतवाली पुलिस ने विभिन्न धाराओं में दरोगा, उसकी पत्नी और बेटी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। निलंबन की कार्रवाई के लिए चुनाव आयोग को पत्र लिखा है। कोतवाली पुलिस ने आरोपी दरोगा का मेडिकल कराते हुए धारा 323, 354 ख, 504, 506 में मुकदमा दर्ज किया है। मामले में दरोगा की पत्नी व बेटी के खिलाफ भी कार्रवाई की है।   

 

Content Editor

Pooja Gill