सर्दियों में रोज नहाना बन सकता है बड़ी गलती! डॉक्टरों की चेतावनी से मचा हड़कंप—साइंस ने खोल दिया चौंकाने वाला सच
punjabkesari.in Monday, Dec 29, 2025 - 10:51 AM (IST)
UP Desk: सर्दियों की ठंडी सुबह में सबसे बड़ा सवाल यही होता है—आज नहाएं या नहीं? कड़ाके की ठंड में नहाना किसी जंग से कम नहीं लगता। कई बार घरवालों के दबाव में कांपते हुए नहा तो लेते हैं, लेकिन क्या यह सच में सेहत के लिए जरूरी है? इस सवाल पर विज्ञान और त्वचा विशेषज्ञों की राय कुछ अलग ही है।
क्या सर्दियों में रोज नहाना जरूरी है?
विशेषज्ञों के मुताबिक, सर्दियों में रोज नहाना जरूरी नहीं होता। इसके पीछे कई वैज्ञानिक और मेडिकल कारण बताए गए हैं।
त्वचा के प्राकृतिक तेलों की सुरक्षा जरूरी
हमारी त्वचा पर एक प्राकृतिक तेल की परत होती है, जो उसे नमी देती है और ठंड से बचाती है। सर्दियों में हवा पहले से ही रूखी होती है। ऐसे में रोज गर्म पानी और साबुन से नहाने पर यह प्राकृतिक तेल खत्म होने लगता है। इससे त्वचा में खुजली, रूखापन, फटने और एक्जिमा जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं।
स्किन के गुड बैक्टीरिया को नुकसान
त्वचा पर कुछ अच्छे बैक्टीरिया होते हैं, जो हमें इंफेक्शन से बचाते हैं। रोज नहाने और ज्यादा रगड़ने से ये बैक्टीरिया नष्ट हो सकते हैं, जिससे त्वचा की सुरक्षा कमजोर पड़ जाती है और इम्यून सिस्टम पर भी असर पड़ सकता है।
पानी का तापमान और समय भी अहम
अगर आप सर्दियों में नहाते हैं, तो ज्यादा देर तक गर्म पानी से नहाना नुकसानदेह हो सकता है। डॉक्टरों के अनुसार, 5 से 10 मिनट तक गुनगुने पानी से नहाना पर्याप्त होता है।
क्या बिल्कुल ना नहाएं?
नहीं। साफ-सफाई बहुत जरूरी है, खासकर भारत जैसे देश में जहां धूल-मिट्टी और प्रदूषण ज्यादा है। अगर आप रोज पूरा नहीं नहाना चाहते, तो शरीर के उन हिस्सों की सफाई जरूर करें जहां पसीना या बैक्टीरिया ज्यादा बनते हैं, जैसे—चेहरा, बगल, पैर और निजी अंग।
हर दूसरे दिन नहाना बेहतर विकल्प
त्वचा विशेषज्ञ मानते हैं कि सर्दियों में एक दिन छोड़कर नहाना (Alternate Days Bath) त्वचा के लिए बेहतर होता है। नहाने के तुरंत बाद मॉइस्चराइज़र, तेल या लोशन लगाना न भूलें, ताकि त्वचा में नमी बनी रहे।

