ईरान- इजरायल जंग के बीच Taj Mahal पर मंडराता दिखा ड्रोन, मचा हड़कंप
punjabkesari.in Sunday, Mar 01, 2026 - 04:07 PM (IST)
Agra News: अमेरिका और इजरायल के ईरान के हमलों के बीच आगरा में रविवार सुबह ताजमहल के ऊपर एक ड्रोन उड़ता दिखाई दिया। ड्रोन को मुख्य गुंबद और आसपास के इलाके में उड़ते देख वहां मौजूद पर्यटकों में कुछ समय के लिए हड़कंप मच गया। कई लोग इसकी वजह जानना चाहते थे, लेकिन मौके पर तुरंत कोई जानकारी नहीं मिल सकी।
हैरानी से देखते रहे पर्यटक
ताजमहल के ऊपर उड़ते हुए ड्रोन को देखकर सभी पर्यटक हैरान हो गए। सभी उसे हैरानी से देखते रहे और उसका वीडियो भी बनाने लगे। बाद में अधिकारियों ने स्थिति स्पष्ट की। ताज सुरक्षा के एसीपी पीयूषकांत राय ने बताया कि ड्रोन उड़ाने की अनुमति भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) से ली गई थी। इसकी इजाजत एएसआई के महानिदेशक कार्यालय और गृह मंत्रालय से भी मिली थी। एएसआई की सुपरिटेंडेंट स्मिता एस कुमार ने बताया कि गृह मंत्रालय के एक प्रोजेक्ट के तहत देश के प्रमुख पर्यटन स्थलों की ड्रोन फुटेज ली जा रही है। इसी परियोजना के तहत रविवार सुबह 6 बजे से 9 बजे तक ताजमहल की ड्रोन से वीडियो रिकॉर्डिंग की गई।
ड्रोन तीन घंटे तक उड़ता रहा
जानकारी के अनुसार, ड्रोन करीब तीन घंटे तक ताजमहल परिसर के ऊपर उड़ता रहा। अधिकारियों ने साफ किया कि यह पूरी कार्रवाई आधिकारिक अनुमति के साथ की गई थी और सुरक्षा में कोई चूक नहीं हुई।

