Jobs in Sport Quota: खिलाड़ियों के लिए खुशखबरी, सरकार ने स्पोर्ट कोटे में निकाली बंपर भर्तियां

punjabkesari.in Friday, Oct 14, 2022 - 12:55 PM (IST)

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरी का सपना संजोए बैठे युवाओं के लिए योगी सरकार ने शुक्रवार को बड़ा तोहफा दिया है। यूपी सरकार ने सभी सरकारी विभागों के खेल कोटे की समूह ग के रिक्त पदों को इसी साल भरने के निर्देश जारी कर दिए है। सरकार का मानना है कि इससे खेल-कूद को लेकर प्रदेश में सकारात्मक संदेश जाएगा और प्रदेश में अच्छे खिलाड़ियों की संख्या बढ़ेगी।

प्रदेश में खेल का स्तर सुधारने के लिए सरकार का बड़ा कदम
यूपी में खेल के स्तर को सुधारने के लिए प्रदेश की योगी सरकार ने सरकारी विभागों में योग्य खिलाड़ियों को भर्ती करने का निर्णय लिया है। प्रदेश के सभी विभागों के समूह ग के स्पोर्ट कोटे की खाली सभी सीटों को इस वर्ष भर दिया जाएगा। इसी क्रम में  उत्तर प्रदेश सरकार ने यूपी पुलिस में सिपाही पद के लिए 534 खिलाड़ियों की भर्ती प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है। खिलाड़ी कोटा में होने वाली इस भर्ती में पुरुष तथा महिला खिलाड़ी भर्ती होंगे। इसके लिए फार्म 31 अक्टूबर तक भरे जाएंगे।

नेशनल पदक जीतने वाले खिलाड़ियों के लिए 2 प्रतिशत सीटें आरक्षित
राष्ट्रीय स्तर के खेलों में पदक जीतने वाले सभी यूपी के खिलाड़ियों के लिए सरकार ने सभी विभागों के खेल कोटे की समूह ग के खाली पड़े पदों में 2 प्रतिशत सीटें आरक्षित कर दी है। जिससे नेशनल लेवल खेलों में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों की प्रदेश सरकार सीधी भर्ती करेगी। ऐसे खिलाड़ी जिन्होंने राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में पदक जीता हो, वह इन पदों पर भर्ती के पात्र होंगे। सरकार का उद्देश्य प्रदेश में खेलों का स्तर सुधारने के साथ ही अच्छे खिलाड़ियों का पलायन रोकना भी है।

मुख्य सचिव ने दिए सीधी भर्ती के निर्देश
यूपी के मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र ने उत्तर प्रदेश सरकारी विभाग (उत्कृष्ट खिलाड़ियों की समूह ग के पदों पर सीधी भर्ती) नियमावली, 2022 के प्रावधानों के अनुसार यह रिक्त पद भरने को लेकर निर्देश जारी कर दिए है। ऐसा करने से खेल के प्रति युवाओं का आकर्षण बढ़ेगा। प्रदेश में अच्छे खिलाड़ी तैयार किए जा सकेंगे। सभी विभागों को निर्देश दिए गए हैं कि वह रिक्त पदों का शीघ्र ब्योरा उपलब्ध कराएं। जिससे की भर्ती की प्रक्रिया को जल्द से जल्द शुरू किया जा सकें। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tamanna Bhardwaj

Related News

static