जिसके साथ दुष्कर्म हुआ है, वह कभी भी सहयोगी नहीं मानी जा सकती, उसकी गवाही पर संदेह करना नारीत्व का अपमानः हाईकोर्ट

punjabkesari.in Friday, Apr 28, 2023 - 03:21 PM (IST)

प्रयागराज: इलाहाबाद हाईकोर्ट ने नाबालिग के साथ हुए दुष्कर्म के मामले में महत्वपूर्ण आदेश पारित करते हुए कहा कि एक महिला या लड़की, जिसके साथ दुष्कर्म हुआ है, वह कभी भी सह- अपराधी या सहयोगी नहीं मानी जा सकती है और उसकी गवाही पर संदेह करना नारीत्व का अपमान है। उक्त टिप्पणी न्यायमूर्ति राम मनोहर नारायण मिश्रा की एकल पीठ ने राजे उर्फ राजेश उर्फ संतोष कुमार की याचिका को खारिज करते हुए दिया। कोर्ट ने कहा कि दुष्कर्म पीड़िता की एकमात्र गवाही के आधार पर बिना अन्य साक्ष्यों के भी एक अभियुक्त को दोषी ठहराया जा सकता है।

PunjabKesari

आरोपी ने अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश के आदेश को दी थी चुनौती
दरअसल आरोपी ने अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश, फतेहपुर द्वारा वर्ष 2010 में पारित आदेश को चुनौती देते हुए हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की। याची पर आरोप है कि 15 वर्षीय नाबालिग पीड़िता वर्ष 2001 में सुबह लगभग 6:30 बजे खेत में शौच करने के लिए गई थी, तब आरोपी और उसके सहयोगी चुन्नी लाल शर्मा ने दुष्कर्म किया।

PunjabKesari

आरोपी व्यक्तियों को दुष्कर्म जैसे अपराध में फंसाने का कोई कारण भी नहीं
चश्मदीद गवाहों के आधार पर निचली अदालत ने पाया था कि दुष्कर्म के आरोप सत्य और प्राकृतिक हैं और पीड़िता तथा उसके भाई के पास आरोपी व्यक्तियों को दुष्कर्म जैसे अपराध में फंसाने का कोई कारण भी नहीं है। याची के अधिवक्ता ने यह तर्क दिया कि मामले की प्राथमिकी घटना के 2 दिन बाद दर्ज की गई। पीड़िता के बयान की मेडिको लीगल जांच रिपोर्ट से पुष्टि भी नहीं होती है। अदालत ने निष्कर्ष निकाला कि गवाहों के बयान में निरंतरता है। प्राथमिकी दर्ज करने में देरी भी असाधारण नहीं थी, क्योंकि कथित अपराध दुष्कर्म का था।

PunjabKesari

दुष्कर्म के मामले में पीड़िता की गवाही एक घायल गवाह के समान
सुप्रीम कोर्ट के कई फैसलों का हवाला देते हुए न्यायालय ने कहा कि दुष्कर्म के मामले में पीड़िता की गवाही एक घायल गवाह के समान है। यौन अपराध की पीड़िता का साक्ष्य अपने आप में महत्वपूर्ण माना जाता है। याची के वकील के इस तर्क को भी खारिज कर दिया कि पीड़िता के निजी अंगों पर कोई चोट नहीं थी, इसलिए उसके बयान को खारिज किया जाना चाहिए। हाईकोर्ट ने कहा कि जहां पीड़िता के निजी अंगों पर चोट के निशान मेडिकल में नहीं पाए जाते हैं, वहां भी पीड़िता की गवाही को खारिज नहीं किया जा सकता है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ajay kumar

Recommended News

Related News

static